हिसार। सेक्टर 33 की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिनिधि मंडल ने एचएसवीपी अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का जिक्र किया और उनके तुरंत निदान की मांग की। आरडब्ल्यूए प्रधान धर्मवीर पानू के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय में एस्टेट ऑफिसर ज्योति मित्तल, एसई पवन वर्मा, कार्यकारी अभियंता निधि भारद्वाज एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में जलघर निर्माण, कम्युनिटी सेंटर बनवाने, अधूरी पड़ी सड़कों का निर्माण पूरा करवाने, प्लांटों की सफाई, गंदे पानी के तालाब को बंद करवाने, पार्कों की दीवारों पर पत्थर लगवाने, बाहरी हिस्सों में टाइलें बिछवाने तथा चौराहों और पार्कों में हाई मास्क लाइट लगाने सहित कई समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।
एस्टेट ऑफिसर ज्योति मित्तल ने आश्वासन दिया कि सेक्टरवासियों की इन समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा। एसई पवन वर्मा ने जानकारी दी कि सेक्टर-33 का 45 मीटर रोड, जो नेशनल हाईवे-9 से जुड़ना है। दो विभागों के बीच भुगतान अटकने के कारण लगभग 800 मीटर तक रुका हुआ था। अब लगभग 69 करोड़ रुपये जीएलएफ विभाग को जल्द जारी किए जाएंगे, जिसके बाद सेक्टर-33 का गेट खोल दिया जाएगा।
हॉर्टिकल्चर विभाग की कार्यकारी अभियंता निधि भारद्वाज ने भी संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करवाने का भरोसा दिलाया। बैठक में ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजेंद्र सपड़ा, वीर सिंह राव, धर्मपाल कसवां, रोहित मेहता, दयानंद भुक्कल, सूबेदार मैनपाल, आनंद मेहता सहित अन्य सेक्टरवासी उपस्थित रहे।