शहर के बालसमंद रोड स्थित प्रोफेसर कॉलोनी निवासी विश्व बंसल अब जर्मनी एयरो स्पेस सेंटर में अपनी सेवाएं देगा। विश्व का बतौर सॉफ्टवेयर रिसर्च एक्सपर्ट के पद पर चयन किया गया है। विश्व 15 सितंबर से सेंटर ज्वाइन करेगा।
विश्व के मुताबिक वह सेंटर में मिशन जूस (ज्यूपिटर आईसी मून्स एक्सप्लोरर) में काम करेगा। इस मिशन के तहत ज्यूपिटर ग्रह पर जीवन की संभावनाएं तलाशी जाएगी। इसके अलावा जर्मनी एयरो स्पेस सेंटर अमेरिका, जापान, रूस, कनाडा के साथ मिलकर सबसे बड़े स्पेस स्टेशन का प्रोजेक्ट शुरू करेगा। इस प्रोजेक्ट में भी वह काम करेगा। विश्व ने बताया कि उसने यूनिवर्सिटी ऑफ जीगन से मेकाट्रॉनिक्स में मास्टर डिग्री की है। यूनिवर्सिटी से पास आउट होने के बाद उसे बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज आदि कंपनियों से भी ऑफर आए, लेकिन वह भविष्य में इसरो के साथ काम करना चाहता है तो उसने इसी मकसद से इस कंपनी में अप्लाई किया और उसका चयन हो गया। हालांकि इसी बीच उसने एक प्राइवेट कंपनी में भी जॉब की, जहां उसने वायरलेस टेक्नोलॉजी पर काम किया।
एनआईटी कुरुक्षेत्र से की थी इंजीनियरिंग
विश्व के मुताबिक उसने एनआईटी कुरुक्षेत्र से इलेट्रिकल इंजीनियरिंग की। इसके बाद उसने दो साल तक बेंगलुरू में जॉब भी की। मगर फिर उसने मास्टर डिग्री करने की सोची। इस फील्ड को सेलेक्ट करने में उसके भाई मोहित बंसल ने भी उसकी मदद की। वह भी एक इंजीनियर है और फिलहाल नोएडा में एक कंपनी में कार्यरत है। विश्व ने बताया कि उसने दसवीं जिंदल मॉडर्न स्कूल और बारहवीं श्रीराम आइडियल स्कूल से पास की थी। उसके पिता मोहिंद्र पाल बंसल आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर हैं और मात्रश्याम में तैनात हैं। उसकी मां भी एक आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर हैं और शाहपुर में कार्यरत हैं।
मेरा ऑफर लेटर 20 अगस्त के आसपास पहुंच जाएगा। मुझे 15 सितंबर को वहां ज्वाइन करना है।
- विश्व बंसल