नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक को पांच लोगों ने फोन के जरिए हजारों रुपये का चूना लगा दिया। मिलगेट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चंचल, राजीव वर्मा, अनिल, ऋषि शर्मा, आदित्य पुरी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में कृष्णा नगर निवासी अमित वर्मा ने बताया कि उसने रेड स्क्वेयर मार्केट में ऑफिस बनाया हुआ है। पिछले कुछ दिनों से वह ऑनलाइन जॉब ढूंढ रहा था। एक दिन उसके पास चंचल नामक लड़की का फोन आया, जिसने कहा कि वह नौकरी डॉट कॉम से बोल रही है और वह एचडीएफसी बैंक में कंप्यूटर ऑप्रेटर की जॉब दिला सकती है। इसके लिए उसे 2050 रुपये में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इस पर उसने 2050 रुपये जमा करा दिए। इसे बाद उसे कहा गया कि डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए 4500 रुपये फीस लगेगी। साथ ही कहा गया कि जो भी फीस लगेगी वह ज्वाइनिंग के 7 दिन के अंदर रिफंड हो जाएगी। पीड़ित के अनुसार उसने वह रुपये भी जमा करा दिए। इसके बाद किसी 10 अप्रैल को उसके पास अनिल नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने कहा कि उसे कुछ डाक्यूमेंट भेजे जा रहे हैं, जिसमें ज्वाइनिंग लेटर भी होगा और इसके 15500 रुपये लगेंगे। इसके बाद उसने 14 अप्रैल को फोन कर कहा कि आपका सीबिल स्कोर खराब है, जिस कारण आपको 24300 रुपये और देने होंगे। पीड़ित के अनुसार इस बार उसे कुछ शक हुआ तो उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद एचडीएफसी बैंक से ऋषि नामक व्यक्ति आया, जिसने डाक्यूमेंट वेरिफाई किए। इसके बाद उसे यकीन हो गया तो उसने 18 अप्रैल को पेमेंट उनके खाते में डलवा दी। इसके बाद 26 अप्रैल को राजीव शर्मा का फोन आया, जिसने कहा कि एचआर उसकी ज्वाइनिंग डिले कर रहा है। जल्दी करानी है तो उसे 26 हजार 900 रुपये देने होंगे। पीड़ित के अनुसार काम जल्दी करवाने के लिए उसने यह पैसे भी 26 अप्रैल को उनके अकाउंट में डलवा दिए। इसके बाद ऋषि ने फोन करके कहा कि वह आदित्य पुरी से बात करवाएगा, जो उसे ज्वाइन करवाएंगे। फिर उसने एक मई को आदित्य पुरी से बात कराई। पुरी ने कहा कि वह उसकी ज्वाइनिंग अप्रूव कर रहा है, जिसके लिए उसे अभी 32 हजार 390 रुपये जमा कराने होंगे। ज्वाइनिंग के लिए उसने पैसे जमा करा दिए। उन्होंने कहा कि 15 दिन के अंदर आपके शहर में आपकी ज्वाइनिंग कर दी जाएगी। पीड़ित के अनुसार उसके बाद से किसी भी आरोपी का नंबर नहीं मिल रहा है। जांचकर्ता एएसआई शेषकरन के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 406, 420 के तहत केस दर्ज जांच शुरू कर दी गई है।