महिला का सैंपल लेते दंत चिकित्सक डॉ. रवि चौहान व एलटी राकेश।
- फोटो : Hisar
सातरोड़ कलां गांव निवासी युवक की लगातार दूसरी बार रिपोर्ट निगेटिव आने पर विभाग द्वारा आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल सातरोड़ कलां गांव कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इससे विभाग द्वारा युवक को जीजेयू में क्वारंटीन किया गया है। गौरतलब है कि युवक की 12 मई को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी, जिसके बाद युवक ने 14 दिनों में कोरोना से जंग जीत ली है। इधर, बीएसएफ कैंट के जवान ने भी कोरोना से जंग जीत ली है। जवान की लगातार दूसरी बार रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब विभाग द्वारा जवान को आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी देकर कैंट में ही क्वारंटीन किया गया है।
एनआरसीई लैब में भेजे 232 सैंपल की रिपोर्ट आई निगेटिव
जिला नागरिक अस्पताल प्रशासन की तरफ से मंगलवार सुबह जिला स्थित केंद्र अश्व अनुसंधान लैब में भेजे गए 232 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब अस्पताल प्रशासन की तरफ से मंगलवार को 200 से अधिक लोगों के सैंपल लिए गए हैं। उधर, जिला अस्पताल की तरफ से दंत चिकित्सक डॉ. पुलकित बिमल और लैब टेक्नीशियन अमित कुमार की टीम ने मंगलवार को टिब्बा दानाशेर निवासी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए डह लोगों के सैंपल लिए। इनमें से संक्रमित युवक की मां और दो भाई और अन्य लोग शामिल हैं। उकलाना क्षेत्र में डॉ. मनीष पचार, सत्यवान कांटीवाल व ललित इंदौरा की टीम ने कोरोना संक्रमित से परिवार के संपर्क में आए सात लोग और ट्रैवल हिस्ट्री वाले 14 लोगों के सैंपल लिए।