बरवाला। बरवाला के नजदीक सरसौद और खेदड़ गांवों के बीच से गुजरने वाली सरसौद माइनर बुधवार देर रात टूट गई, जिससे आसपास के खेतों में नहरी पानी भर गया। जलभराव के कारण नरमा सहित अन्य खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति की आशंका है।
किसान जयबीर, संदीप, राजेश, धर्मपाल आदि ने बताया कि रात को सिंचाई विभाग द्वारा माइनर में पानी छोड़ा गया था। जैसे ही पानी का दबाव बढ़ा, खेदड़ गांव के पास माइनर का एक हिस्सा टूट गया और तेज बहाव का पानी खेतों में घुस गया। वीरवार सुबह जब किसान खेतों में पहुंचे, तो उन्होंने माइनर में बड़ी दरार देखी और तुरंत सिंचाई विभाग को सूचना दी। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन की सहायता से माइनर की मरम्मत का कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक तौर पर माइनर टूटने का कारण मिट्टी का कमजोर होना या पानी का अचानक बढ़ा दबाव माना जा रहा है। किसानों ने प्रशासन से टूटे हिस्से की शीघ्र मरम्मत करवाने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। संवाद