49 - छापे के दौरान जांच करते तथा आरोपी से पूछताछ करते पुलिस कर्मचारी।
- फोटो : Hisar
किसी दूसरी कंपनी से मिलता-जुलता मार्का लगाकर नकली नमकीन बेचने के आरोप में पुलिस ने बालसमंद रोड के चंदन नगर से दीपक कुमार मनोचा को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से नकली मार्का, काफी संख्या में नमकीन के पैकेट व अन्य सामान बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस संबंध में चंडीगढ़ की कंपनी के अधिकारी डायरेक्टर रोमेश दत्त के नेतृत्व में एसपी से मिले थे और कार्रवाई की मांग की थी।
आजाद नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में चंडीगढ़ की स्पीड सर्च सिक्योरिटी नेटवर्क कंपनी के फील्ड ऑफिसर मुनीष जिंदल ने बताया कि उनकी सिंगला फूड नाम से अधिकृत कंपनी है, जिसका अलाद्दीन के नाम से रजिस्टर्ड ब्रांड है। उन्हें पता चला कि हिसार में उनकी कंपनी के ब्रांड से मिलते-जुलते नाम के ब्रांड से नकली नमकीन डालकर बेचता है। इस पर वह और उसकी टीम ने हिसार का सर्वे किया। इस दौरान पता चला कि सारा सेल्ज का मालिक दीपक कुमार मनोचा बालसमंद रोड पर उनकी कंपनी से मिलता-जुलता मार्का लगाकर नकली नमकीन तैयार कर बेचता है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी द्वारा ब्रांड पर दिया गया पता भी फर्जी है। वह उनकी कंपनी और सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा है। शिकायत पर आजाद नगर थाना पुलिस ने मौके पर रेड की तो वहां से काफी संख्या में नकली मार्का और नमकीन बरामद की। साथ ही आरोपी दीपक कुमार मनोचा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कापीराइट एक्ट 1957 की धारा 63, 65, ट्रेड मार्क्स एक्ट की धारा 1999 और आईपीसी 272, 273 व 420 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
48 - पुलिस के छापा के दौरान बरामद की गई फर्जी रेपर में डाली गई नमकीन।- फोटो : Hisar
47 - छापा के दौरान फैक्ट्री में रेपरों में पेक की जा रही नमकीन।- फोटो : Hisar