हिसार। नगर निगम कार्यालय में सोवार को मासिक समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त प्रदीप दहिया ने ज्यादा फाइल लंबित मिलने पर हांसी नगर परिषद के जेई सहित चार कर्मचारियों का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही बरवाला व आदमपुर के दो सचिवों को पीएम स्व: निधि योजना को लेकर लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि काम नहीं होगा तो वेतन भी नहीं मिलेगा। हालांकि इस दौरान अच्छा कार्य करने पर 5 कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
नगर निगम कार्यालय के मुख्य सभागार में सोमवार को नगर आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रॉपर्टी टैक्स की लंबित फाइलों की समीक्षा में सबसे ज्यादा पेंडेंसी हांसी नगर परिषद की मिली। इस पर नगर आयुक्त ने नगर परिषद के कर्मचारी गीता, प्रवीन क्लर्क, नीलम, जेई मोहित का वेतन एक दिन का काटने का आदेश दिया। साथ ही दो बरवाला सचिव गौरव शर्मा व आदमपुर सचिव ललित गोयल पीएम स्व: निधि योजना को लेकर लापरवाही बरतने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी काम नहीं करेगा, उसका वेतन काटा जाएगा। अगर फिर भी कोई कर्मचारी लापरवाही करता है तो उसको सस्पेंड तक किया जा सकता है।
अच्छा कार्य करने पर 5 कर्मचारियों को सम्मान
बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसमें टीसीओ रजनी, एपीओ सुनील कुमार, सचिव संदीप, ईओ राजाराम व ऑपरेटर सुनील अग्रवाल का नाम शामिल है। नगर आयुक्त ने कहा कि आगे भी जो कर्मचारी अच्छा कार्य करेगा, उसे सम्मानित किया जाएगा।
स्वामित्व योजना में प्रदेश में अव्वल हिसार
नगर आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश में हिसार जिले की 486 में से 301 फाइल अप्रूव्ड हुई हैं। इस मामले में हिसार जिला प्रदेश में अव्वल नंबर पर है। उन्होंने कहा कि राजस्व में बढ़ोतरी की दिशा में तेजी से कार्य करें। प्रॉपर्टी टैक्स डाटा से संबंधित प्राप्त होने वाली आपत्तियों का जल्दी से समाधान करना सुनिश्चित किया जाए। अगर हम आपत्तियों का समाधान सही प्रकार से करेंगे तो प्रॉपर्टी टैक्स में आने वाली आय में वृद्धि होगी। सीएम विंडो और सीएम के जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से होने वाली शिकायतों का समाधान तय समय सीमा में करवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा, उप निगम आयुक्त वीरेंद्र सहारण, एक्सईएन संदीप सिहाग, एमई संदीप बेनीवाल, सचिव संदीप कुमार, गौरव शर्मा व ललित गोयल, सीएमजीजीए शुभम व साकेत, एमई राजा राम, जयवीर डूडी, अमित बेरवाल, खेमचंद, व सुमित, एससीओ अशोक, एपीओ सुनील वर्मा आदि मौजूद रहे।