हिसार। बठिंडा की गुरु काशी यूनिवर्सिटी में चल रही ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कुश्ती चैंपियनशिप में साई की पहलवान हर्षिता मोर ने रजत पदक हासिल किया है। 72 किलोग्राम भारवर्ग में हर्षिता का फाइनल मुकाबला गुरु काशी यूनिवर्सिटी की ही पहलवान दीक्षा के साथ हुआ।
मगर इस मुकाबले में उसे हार मिली और रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसी प्रकार सेमीफाइनल मुकाबले में रोहतक की एमडीयू की ओर से खेल रही पहलवान मनीषा लाठर को हराया। वर्तमान में हर्षिता साई में कोच राजेश नांदल के पास अभ्यास कर रही हैं। पिता सतपाल मोर ने बताया कि बेटी ने डीपीई संजीव आर्य के पास अपने कॅरिअर की शुरुआत की थी।
बेटी नेशनल से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर नाम रोशन कर चुकी है। पहलवान हर्षिता मोर मूलरूप से गांव बास की रहने वाली हैं। फिलहाल वे हिसार के सेक्टर 16-17 में रहती हैं। हर्षिता सीनियर एशिया चैंपियनशिप में रजत, वर्ल्ड कैडेट चैंपियनशिप में स्वर्ण, जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक, अंडर-23 एशिया चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं।