हिसार। मंगोलिया के उलानबटार में होने वाली तीसरी रैंकिंग सीरीज में साई की पहलवान हर्षिता मोर भाग लेंगी। रैकिंग सीरीज के लिए दिल्ली के आईजी स्टेडियम में ट्रायल लिए गए थे। इसमें 72 किलोग्राम भारवर्ग में हर्षिता मोर ने हिसार की पहलवान ज्योति बेरवाल को 10-0 से हराया और रैंकिंग सीरीज खेलने के लिए जगह बनाई।
हर्षिता साई में कोच राजेश नांदल के पास अभ्यास कर रही हैं। इससे पहले भी हर्षिता कई पदक जीत नाम रोशन कर चुकी हैं। हर्षिता मोर मूलरूप से गांव बास की रहने वाली हैं। अब वह हिसार के सेक्टर 16-17 में रह रही हैं। हर्षिता ने 2019 में कुश्ती खेलने की शुरुआत की थी। वह सीनियर एशिया चैंपियनशिप रजत पदक जीत चुकी हैं। इसी प्रकार वर्ल्ड कैडेट चैंपियनशिप में स्वर्ण, जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य और अंडर-23 एशिया चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी हैं। हर्षिता ने कुश्ती की शुरुआत डीपीई संजीव आर्य के पास की थी। अब पिछले काफी समय से साई में अभ्यास कर रही हैं। साई से कुश्ती कोच राजेश नांदल ने बताया कि अब हर्षिता रैंकिंग सीरीज की तैयारी शुरू करेगी।