नारनौंद। राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल नारनौंद में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेलों का आयोजन शुरू हुआ। खेलों का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) देवेंद्र सिंह और प्राचार्य जितेंद्र सोनी ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें पूरी लगन से खेलने और खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
शॉट पुट में न्यू आदर्श स्कूल के सहज ने पहला, आर्यन ने दूसरा और आर्य स्कूल हैबतपुर के पवन ने तीसरा स्थान हासिल किया। ऊंची कूद में न्यू आदर्श स्कूल के मयंक ने स्वर्ण, पवन ने रजत और आर्यन ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
खंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। कार्यक्रम में राजेंद्र डीपी, सुभाष भेनी, रमेश डीपी, समशेर, संदीप सहित कोच, पीटीआई व डीपी भी मौजूद रहे। आयोजन में खंड के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के बच्चों के लिए अलग-अलग एथलेटिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
पहले दिन हुई प्रतियोगिताओं में न्यू आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल लोहारी राघो के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। लॉन्ग जंप में न्यू आदर्श स्कूल के मयंक ने प्रथम स्थान, आर्य स्कूल हैबतपुर के पवन ने द्वितीय और न्यू आदर्श स्कूल के आर्यन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में न्यू आदर्श स्कूल के मयंक ने स्वर्ण, पवन ने रजत और आर्यन ने कांस्य पदक अपने नाम किया। 100 मीटर दौड़ में न्यू आदर्श स्कूल लोहारी राघो के आर्यन ने पहला स्थान पाया, जबकि एमडी विद्या मंदिर भैणी अमीरपुर के मयंक दूसरे और सृष्टि इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्कूल मोठ के अंश तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में न्यू आदर्श स्कूल के मयंक ने स्वर्ण, सहज ने रजत और आर्य स्कूल हैबतपुर के पवन ने कांस्य पदक जीता।
400 मीटर दौड़ में भी मयंक ने प्रथम और पवन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। रिले रेस में न्यू आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल लोहारी राघो की टीम प्रथम और एमडी विद्या मंदिर भैणी अमीरपुर की टीम द्वितीय स्थान पर रही।