हिसार। शहर के ज्यादातर होटलों में आग से निपटने के अधूरे इंतजाम हैं। होटल संचालक आग बुझाने के सिलिंडर रखकर औपचारिकता पूरी कर रहे हैं। दमकल विभाग का कहना है कि अगर कोई बड़ा हादसा होता है तो उससे निपटने के लिए ये सिलिंडर बेअसर साबित होंगे।
दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में लगी भीषण आग में काफी लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था। इस बड़े हादसे को देखते हुए दमकल विभाग को शहर में सर्वे करके कॉमर्शियल भवनों की फायर एनओसी जांचने के आदेश दिए गए थे। इस आदेश के तहत शहर में दमकल विभाग की तरफ से 10 जून से सर्वे शुरू किया गया था।
दमकल विभाग अब तक करीब 190 होटलों की जांच कर चुका है। अधिकारियों के मुताबिक बड़े होटलों के पास तो नियम अनुसार एनओसी उपलब्ध है लेकिन 150 वर्ग गज जैसे छोटे क्षेत्रों में बने अधिकांश होटलों में केवल प्राथमिक फायर फाइटिंग सिस्टम ही लगे हैं। वहीं करीब 15 प्रतिशत होटल ऐसे भी पाए गए हैं जहां आग पर काबू पाने का कोई साधन मौजूद नहीं है।
दमकल विभाग के सब ऑफिसर साहिल ने बताया कि शहर के 75% हिस्से का सर्वे पूरा हो चुका है। सर्वे रिपोर्ट जल्द मुख्यालय भेजी जाएगी और निर्देशों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।