नारनौंद। आढ़तियों को भुगतान करने के लिए दुकानदार ने गूगल-पे खोला तो खाते में रुपये कम मिले। बैलेंस चेक करने पर पता चला कि खाते से 1 लाख 48 हजार 800 रुपये निकल चुके हैं। साइबर ठगों ने 19 और 20 अक्तूबर को पांच ट्रांजेक्शन के जरिए यह रकम निकाली। शिकायत पर साइबर थाना हांसी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने सब इंस्पेक्टर रविंदर को जांच सौंपी है।
वार्ड-9 निवासी विजेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह सालासर खल भंडार की दुकान पर काम करता है। उसका कैनरा बैंक की नारनौंद शाखा में खाता है। दुकान पर ऑनलाइन पेमेंट आती है और आढ़तियों के साथ लेन-देन होता रहता है। 20 अक्तूबर को उसे आढ़तियों को भुगतान करना था। गूगल-पे से रुपये ट्रांसफर करने का प्रयास किया तो पर्याप्त बैलेंस नहीं मिला। मोबाइल पर खाते का बैलेंस चेक करने पर ठगी का पता चला।
विजेंद्र के अनुसार 19 अक्तूबर को खाते से 86 हजार रुपये निकाले गए। 20 अक्तूबर को 19 हजार, 8,900, 20 हजार और 14,900 रुपये की चार ट्रांजेक्शन हुईं। कुल रकम 1,48,800 रुपये है। आशंका है कि मोबाइल हैक कर खाते से रुपये निकाले हैं। ठगी का पता चलने पर उसने 20 अक्तूबर को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।