हिसार। गांव थुराना में रविवार दोपहर रोडवेज वर्कर्स यूनियन के हिसार डिपो प्रधान व राज्य उपप्रधान राजकुमार चौहान और उनके परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में राजकुमार चौहान, उनकी पत्नी, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जांच अधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। राजकुमार चौहान ने बताया कि कुछ लोग पिछले कई दिनों से शराब पीकर उनके घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे। रविवार दोपहर उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने रंजिश के चलते करीब साढ़े 12 बजे घर में घुसकर हमला कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास गंडासी, रॉड और डंडे थे। हमले में बीच बचाव में आईं उनकी पत्नी मीना, बेटी साक्षी और बेटे साहिल को चोटें आई हैं। शोर सुनकर पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। इसके बाद घायलों को नारनौंद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें हिसार रेफर कर दिया।
नारनौंद थाने के जांच अधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।