हिसार। सिरसा-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग गांव सैनियाना के पास दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस। वीडियो ग्रैब
- फोटो : 1
हिसार। सिरसा-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर वीरवार रात हरियाणा रोडवेज की बस एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस चालक गंभीर घायल हो गया। कई यात्रियों को चोटें आई हैं। बस फतेहाबाद से उकलाना आ रही थी। चालक को उकलाना के एक निजी अस्पताल में यात्रियों को उकलाना और भूना के अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया।
भूना बस स्टैंड पर यात्रियों को उतारने के बाद बस उकलाना के लिए रवाना हुई। सिरसा-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर गांव सनियाना के पास पहुंची, तभी एक बाइक सवार बस के सामने आ गया। चालक ने उसे बचाने के लिए बस को एक ओर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सीट व पेड़ के बीच फंस गया। वहीं, बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों और यात्रियों ने किसी तरह बस चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। इसके बाद क्रेन मंगवाकर चालक को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।