हांसी। हांसी और नारनौंद की राहें अब विकास की नई इबारत लिखेंगी। हरियाणा राज्य मार्केटिंग बोर्ड ने वर्ष 2026-27 के वर्क प्लान के तहत दोनों विधानसभा क्षेत्रों की तकदीर और रास्तों को संवारने का बीड़ा उठाया है। करीब 22 किलोमीटर लंबी सड़कों के कायाकल्प के लिए 4.81 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से वर्क प्लान के तहत इन कार्यों को करवाया जाएगा। नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 2.90 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 16 किलोमीटर लंबी सड़कों की विशेष मरम्मत प्रस्तावित है। इसमें 5.70 किलोमीटर लंबा सिंघवा राघो से मसूदपुर नारनौंद मार्ग के अलावा मोहल्ला से पुठी नारनौंद, खांडा खेड़ी से कागसर व कोथ कलां से बरौदा मार्ग शामिल हैं।
हांसी और नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग टेंडर के तहत करीब 1.91 करोड़ रुपये की लागत से लिंक सड़कों की विशेष मरम्मत करवाई जाएगी। इसमें बडाला से पेटवाड़ मार्ग की 5.22 किलोमीटर सड़क व थुराना-पाली रोड से थुराना-माजरा बाईपास रोड तक रिंग बांध पर 0.64 किलोमीटर सड़क शामिल है। गांव थुराना की फिरनी की मरम्मत का कार्य भी प्रस्तावित है।
इन सड़कों की हालत में सुधार होने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से सड़कें खराब होने के कारण वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष मरम्मत के बाद सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा।
::::::::::::::::
दोनों वर्क का टेंडर लगा दिया गया है। जल्दी ही टेंडर अलॉट कर काम शुरू करवाया जाएगा।- विनोद कुमार, जेई, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड।