हिसार के जिला अस्पताल परिसर में सड़क निर्माण के लिए रोड़ी उतारता हाइवा।
हिसार। लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) ने शुक्रवार को महाराजा अग्रसेन जिला नागरिक अस्पताल परिसर में सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। बरवाला रोड चौराहे के पास पार्किंग स्थल और कर्मचारी आवास वाले प्रवेश द्वार से लेकर एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) सेंटर, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) केंद्र, नर्सिंग छात्रावास और केंद्रीय दवा भंडार तक आंतरिक कॉलोनियों में नई सड़क बनाई जा रही है।
निर्माण कार्य के पहले चरण में पुरानी जर्जर सड़क को तोड़कर वहां रोड़ी और मलबा डाला जा रहा है, ताकि नई सड़क का मजबूत आधार तैयार किया जा सके। सड़क निर्माण के चलते कुछ कर्मचारियों ने अपने आवास के बाहर सड़क किनारे बनाए गए अस्थायी ढांचे भी हटा दिए हैं।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के प्रधान अजमेर ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने बताया कि कॉलोनी की कच्ची सड़कों पर बरसात के दिनों में जलभराव हो जाता था, जिससे कीचड़ फैलती थी और कर्मचारियों को आने-जाने में परेशानी होती थी। अब सड़क बनने से कर्मचारियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। अन्य कर्मचारियों ने सड़क निर्माण के साथ-साथ आवासीय भवनों के नवीनीकरण और नए भवनों के निर्माण की भी मांग उठाई है।
इससे पहले पिछले वर्ष अस्पताल के मुख्य भवन का सुधार कार्य किया गया था और कुछ अस्थायी कमरे भी बनाए गए थे। वहीं सिविल सर्जन कार्यालय में भी दो अस्थायी कमरे बनाकर आंतरिक सजावट का कार्य किया जा रहा है।