आरक्षण की वजह से सड़कें व ट्रेनों के रास्ते रोके जाने से तथा किसी
भी रूट की बसें न चल पाने के कारण हिसार बस स्टैंड को खाली करवा दिया गया
है।
सामान्य दिनों में बस स्टैंड पर विभिन्न रूटों पर जाने वाली बसों व
लोगों की भीड़ देखने को मिलती है। लेकिन शनिवार को बस स्टैंड पर न तो कोई
बस खड़ी थी और ना ही कोई यात्री ही दिखाई दे रहा था। यहां सिर्फ बस डिपो के
कर्मचारी ही देखने को मिल रहे है। इक्का-दूक्का लोग फिर भी बसों के बारे
में पूछताछ करने पहुंच रहे थे।
बसों को हटवाया स्टैंड से, गेट पर लगाए ताले
बस डिपो में एहतियात के तौर पर बसों को स्टैंड से हटवाकर वर्कशाप में खड़ी
करवा दिया गया है। ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। आमतौर पर
बसें स्टैंड पर ही खड़ी रहती है, लेकिन शनिवार को बसों की सुरक्षा को देखते
हुए इन्हें वहां से हटा दिया गया।
बस स्टैंड गेट पर लगवाए ताले
आरक्षण की फैली चिंगारी की वजह से एहतियात के तौर पर बस डिपो के दोनों ओर
के दरवाजों पर ताले लगवा दिए गए हैं। शुक्रवार को कुछ प्राइवेट बसों को
भिवानी के रूट पर तोशाम के रास्ते डांग गांव से निकाला जा रहा था, लेकिन
शुक्रवार शाम ये रास्ते भी जाम होने के कारण प्राइवेट बसों को भी कही जाने
के लिए रास्ता नहीं मिल पाया।
कैमरी रोड पर नहीं खुला जाम
शुक्रवार को कैमरी रोड पर नहर के पास लगाया गया जाम शनिवार को भी जारी रखा
गया। हालांकि शुक्रवार रात को जाम हटा लिया गया था, लेकिन शनिवार सुबह 10
बजे के करीब जाट समुदाय के लोगों द्वारा दोबारा से नहर के पास जाम लगा दिया
गया, जिससे कैमरी, मंगाली व कैमरी रोड के कॉलोनीवासियों को भी शहर आने
जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नहर के साथ बने रास्ते से पहुंचे ग्रामीण
कैमरी, मंगाली व कैमरी रोड के कालोनीवासियों ने शहर आने-जाने के लिए नहर के
साथ बने हुए रास्ते को वैकल्पिक रास्ते के रूप में लिया, इस रास्ते से
होकर लोग कैमरी फाटक पहुंच रहे हैं तथा वहां से गांवों की ओर जा रहे हैं।
बस स्टैंड को रोजाना हो रहा, लाखों का नुकसान
हिसार से सभी रूट की बसें बंद होने से बस डिपो को प्रतिदिन 15 लाख का
नुकसान उठाना पड़ रहा है। अगर अगले दो-चार दिन जाम नहीं खुल पाता है तो
हालात बदतर हो जाएंगे। हिसार बस डिपो की 162 बसों में से एक भी बस न चल
पाने के कारण बस डिपो के अधिकारी भी परेशानी की हालत में है।
बसें बंद, जनता परेशान
बसें बंद होने से आम जनता को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रास्ते जाम होने के कारण तथा बसों के न चल पान के कारण ना तो कोई शहर से
बाहर जा रहा है और ना ही कोई शहर में आ रहा है।