जिला अस्पताल की तरफ से सोमवार को भेजे गए नौ सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ आई है। अस्पताल प्रशासन द्वारा इन सभी लोगों पर जमात में शामिल होने की आशंका पर इन्हें एचएयू में क्वारंटीन कर दिया गया है। वहीं, अस्पताल प्रशासन की तरफ से मंगलवार को दो कोरोना संदिग्ध लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इधर, शहर की एक कॉलोनी निवासी युवक को गंभीर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि उक्त युवक की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। फिलहाल जिला अस्पताल में पांच लोग आइसोलेशन वार्ड में उपचाराधीन हैं। ये सभी व्यक्ति जमात में शामिल होने की आशंका पर जिला प्रशासन द्वारा जिले के अलग-अलग गांव से लाए गए हैं। जिले के एक गांव से सूचना मिलने पर महिलाएं, बच्चे सहित आठ लोगों को जांच के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। वहां से जांच के बाद उनमें कोरोना संदिग्ध लक्षण नहीं मिले तो उन्हें घर भेज दिया गया।
57 लोग पहुंचे जांच कराने
जिला अस्पताल में बने ट्राइएज में मंगलवार दोपहर तीन बजे तक मध्यप्रदेश सहित प्रदेश के अन्य जिलों से 57 लोग जांच कराने पहुंचे। डॉक्टरों द्वारा सभी मरीजों की हिस्ट्री व जांच के बाद सभी लोगों को दवा देकर घर भेज दिया गया।
दंपती के पास तीन बार फोन कर जाना हालचाल
बायोलॉजिस्ट डॉ. रमेश पूनिया ने बताया कि उन्होंने पीड़ित महिला और उसके पति के पास मंगलवार को दो से तीन बार फोन किया गया, जबकि उन्होंने किसी भी प्रकार की वस्तु या सामान की मांग नहीं की है। हालांकि, उन्होंने कुछ दिन का सामान खाद्य सामग्री, साबुन जैसी सभी सुविधाएं सोमवार को ही उन्हें उपलब्ध करवा दी थी। फिलहाल वह दोनों बिलकुल ठीक है।
क्वारंटीन पीरियड पूरा, फूल देकर किया सम्मानित
स्वास्थ्य विभाग द्वारा पायलट प्रदीप कुमार को होम क्वारंटीन पूरा करने पर मंगलवार को फूल देकर सम्मानित किया गया है। नूर मोहम्मद ने बताया कि प्रदीप ने अपना होम क्वारंटीन सही ढंग से नियमानुसार पूरा किया है। इस वजह से न्याणा गांव की हेल्थ टीम मौके पर पहुंची और उसे फूल देकर सम्मानित किया।
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में एक और कोरोना पॉजिटिव दाखिल, दो की रिपोर्ट आई निगेटिव
अग्रोहा। मेडिकल कॉलेज अग्रोहा के आइसोलेशन वार्ड में फतेहाबाद जिले के एक गांव निवासी एक कोरोना पॉजिटिव युवक सहित दो और संदिग्ध मरीजों को दाखिल किया गया है। मंगलवार को मेडिकल के आइसोलेशन विभाग में मरीजों की संख्या छह हो गई, जबकि दो मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने से उन्हें छुट्टी देकर घर भेज दिया।
मेडिकल कॉलेज अग्रोहा के डीएमएस एवं नोडल अधिकारी डॉ. राजीव चौहान ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव युवक फतेहाबाद से रेफर होकर आया था, जिसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। दाखिल करते समय युवक को बीपी व बुखार की शिकायत थी। अब उसका बीपी सामान्य हो गया और बुखार भी नहीं है। युवक का दूसरा सैंपल 48 घंटे बाद जांच के लिए भेजा जाएगा। इस समय मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन विभाग में छह मरीजों भर्ती है, जिसमें से तीनों संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। मंगलवार को भर्ती हुए मरीजों सैंपल शाम तक भेज जाएंगे। बता दें कि उक्त युवक 20 मार्च को दिल्ली के निजामुद्दीन जमात से गांव में आए कुछ लोगों के सम्पर्क में आ गया था।
एक समुदाय के परिवार को गांव में नहीं करने दी एंट्री
अग्रोहा क्षेत्र के एक गांव के एक समुदाय विशेष के परिवार को बाहर से आने पर गांव में एंट्री नहीं करने दी और सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने परिवार के लोगों की मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में जांच कराई तो उनमें कोरोना के कोई भी लक्षण नहीं मिले। इस पर चिकित्सकों ने उन्हें होम क्वारंटीन के निर्देश दिए।