गांव में लोगों के स्वास्थ्य की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : Hisar
जिला वासियों के लिए राहत की खबर यह है कि जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से सोमवार सुबह भेजे गए 22 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ये सभी सैंपल जिले के केंद्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र में जांच के लिए भेजे गए हैं। जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से सोमवार को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल तीन लोगों और कैंट से पांच सैंपल लिए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक रोहतक पीजीआई लैब में भेजे गए 10 सैंपल की रिपोर्ट नहीं आई थी। वहीं, जिला अस्पताल की ओर से निजी अस्पताल में दाखिल एक व्यक्ति को एंबुलेंस के जरिये अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया।
इधर, जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से सूचना मिलने के बाद सोमवार शाम करीब सात बजे हांसी के कुलाना गांव में सैंपल लेने के लिए दंत चिकित्सक डॉ. बंसीलाल के नेतृत्व में विभाग की टीम भेजी गई है। इस दौरान लैब टेक्नीशियन वेदव्रत भी उनके साथ गए। कुलाना गांव में जमात में शामिल आशंकित व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद इन सभी लोगों के सैंपल लेने के लिए टीम भेजी गई है। वहीं, पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष पाचार के नेतृत्व में दूसरी टीम अग्रोहा में सैंपल लेने के लिए भेजी गई है।
वेंटिलेटर की डिमांड भेजी
जिला अस्पताल प्रशासन की ओर वेंटिलेटर की मांग भेजी गई है। इस बारे में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यदि वेंटिलेटर समय पर पहुंच जाते हैं तो उन्हें कोविड-19 अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भिजवा दिए जाएंगे, क्योंकि सभी संदिग्ध मरीज वहीं पर दाखिल किए जाते हैं। इसलिए आपातकालीन के चलते उनका सही इस्तेमाल किया जा सके।
आपातकालीन स्थिति में बढ़ाई जा सकती है शिफ्ट
सिविल सर्जन डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि फिलहाल केंद्रीय अश्व अनुसंधान की लैब में 20 से 25 सैंपल की जांच की सुविधा उपलब्ध है। अब केवल एक ही शिफ्ट में सैंपल की जांच की जा रही है। यह आपातकालीन स्थिति के चलते लैब में सैंपल की जांच की शिफ्ट बढ़ा दी जाएगी। लैब में सैंपल जांच में सहायता के लिए उनकी ओर से एक माइक्रोबायोलॉजिस्ट अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से दिया गया है। प्राइवेट माइक्रोबायोलॉजिस्ट जेपीएस नलवा भी सहयोग दे रहे हैं।
सुविधाओं के अनुसार दी जाएगी छूट
सिविल सर्जन ने बताया कि अगर लॉकडाउन बढ़ता है तो जिले में इंडस्ट्रीज एरिया, ट्रांसपोर्ट आदि डिपार्टमेंट के लिए वह एक रिपोर्ट फाइल बनाई जा रही है। उस दौरान यह जांच की जाएगी कि इंडस्ट्रीज या फैक्टरी में मैनपावर कम हो और उसमें सैनिटाइजेशन का प्रबंध हो। हम ऐसी रिपोर्ट तैयार कर रहे है कि किन लोगों को उस दौरान छूट दी जाएगी और किन लोगों के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाए जाएगी। फैक्टरी आदि में कर्मियों की जांच के लिए थर्मल की जांच की सुविधा उपलब्ध हो। उस दौरान उनकी टीम मौके पर पहुंचकर लोगों की जांच भी करेगी।