उकलाना-साहू रोड पर चल रहा मरम्मत कार्य करते रोड रोलर।
हिसार। उकलाना-साहू रोड की मरम्मत का काम सोमवार से शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग की भवन और सड़कें की ओर से पैचवर्क कर सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है। सड़क की खस्ता हालत के कारण लंबे समय से वाहन चालकों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
उकलाना को भूना और अग्रोहा से जोड़ने वाली यह सड़क करीब 20 गांवों के लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। नाबार्ड की ओर से पहले इसका सुदृढ़ीकरण करवाया गया था। सिरसा-चंडीगढ़ रोड उकलाना में बंद होने के कारण सारा ट्रैफिक इस सड़क पर डायवर्ट कर दिया गया। इससे इस सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। इससे सड़क में कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए थे और बजरी उखड़ चुकी थी। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई थी।
ग्रामीणों की इस समस्या को अमर उजाला ने 4 अगस्त को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि खराब मौसम के कारण कार्य में देरी हो रही थी, लेकिन जैसे ही मौसम अनुकूल हुआ, मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिया गया। ग्रामीण नरेंद्र कुंडू, रमेश कुंडू, सुरेश, जसबीर, विनोद, राजेश कुंडू आदि ने अमर उजाला और विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वाहन चालकों को राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।