सैंट थामस चर्च में वीरवार देर शाम कैंडल जलाते श्रद्धालु ।
हिसार। क्रिसमस पर्व पर सेंट थॉमस चर्च में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। लोगों ने मोमबत्ती जलाकर प्रभु यीशु को याद किया और गुलाब के फूल अर्पित किए। चर्च पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु के समक्ष प्रार्थना की और एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। ईसाई धर्मावलंबियों ने बाइबल पाठ किया, जबकि चर्च में लगाई गई झांकियों के साथ लोगों ने सेल्फी भी ली। रात करीब 10 बजे तक चर्च परिसर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।
बुधवार रात 12 बजे प्रभु यीशु के जन्म के अवसर पर ईसाई समुदाय के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ खुशियां मनाईं। वीरवार सुबह 10 बजे से ही श्रद्धालुओं का चर्च पहुंचना शुरू हो गया था। चर्च के बाहर और जाट कॉलेज रोड पर बच्चों के खिलौने, गुलाब के फूल और खाने-पीने की स्टॉलें सजी रहीं। युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। सांता क्लॉज की टोपी से लेकर मुखौटे तक खूब बिके। बच्चों ने खाने-पीने का भी भरपूर आनंद लिया।
आकर्षण का केंद्र बना चर्च
चर्च को रंगीन लाइटों, गुब्बारों और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। सजी-संवरी चर्च दूर से ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। गेट पर लगाए गए रंग-बिरंगे स्टार चर्च की शोभा बढ़ा रहे थे। सेंट थॉमस चर्च के सीनियर मेंबर प्रेम मसीह ने बताया कि 31 दिसंबर को चर्च का स्थापना दिवस मनाया जाएगा।
चर्च के बाहर लगा जाम
शाम के समय श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से चर्च के बाहर जाम की स्थिति बन गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम खुलवाने के लिए मौके पर तैनात पुलिस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। चर्च से निकलने वाले श्रद्धालुओं के सड़क पार करने के कारण भी यातायात प्रभावित हुआ।
चाय-पकौड़ों की रही व्यवस्था
चर्च के अंदर आगंतुकों के लिए चाय और पकौड़ों की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में लोगों ने इसका लुत्फ उठाया। सेवा भाव के इस कार्य में कुछ सामाजिक संगठनों ने भी सहयोग किया। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए चर्च परिसर में कुर्सियों की भी व्यवस्था की गई थी।