हिसार/हांसी/आदमपुर/बरवाला। स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को जिले में 6 स्थानों पर किए कोविड-19 टीकाकरण के पूर्वाभ्यास के दौरान एक मरीज पर 10 मिनट का समय लगा। अभ्यास का निरीक्षण करने पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. जेएस ग्रेवाल को एक मरीज पर 10 मिनट अधिक लगे और उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इसे 3 से 5 मिनट तक करने के निर्देश दिए। इसके अलावा भी अभ्यास के दौरान कई प्रक्रियाओं में सुधार की गुंजाइश दिखाई दी। इसको लेकर देर शाम अधिकारियों ने अभ्यास की समीक्षा बैठक की, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिले में 6 स्थानों नागरिक अस्पताल हिसार, नागरिक अस्पताल हांसी, नागरिक अस्पताल आदमपुर, कैमरी और चौधरीवास पीएचसी और सेक्टर 1-4 हिसार के अर्बन हेल्थ सेंटर पर टीकाकरण अभ्यास किया गया। डीजी हेल्थ डॉ. ग्रेवाल सुबह सेक्टर 1-4 स्थित अर्बन हेस्थ सेंटर पर पहुंचे थे। उसके बाद उन्होंने बाकी स्थानों पर भी अभ्यास का निरीक्षण किया। सीएमओ डॉ. रत्ना भारती ने बरवाला और आदमपुर में अभ्यास प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने भी कई केंद्रों पर जाकर अभ्यास प्रकिया जांची।
ये परेशानियां आईं सामने
सेक्टर 1-4 अर्बन हेल्थ सेंटर में कंप्यूटर ऑपरेटर, टीकाकरण और निगरानी कक्ष एक जगह थे। इससे काफी परेशानी हुई। इनके अलावा बाकी केंद्रों पर भी दो कार्यों के लिए एक ही कक्ष में व्यवस्था थी। इस कारण मरीज की निगरानी में काफी समय लगा और मरीज की हालत बिगड़ने की स्थिति में इलाज करने व व्हील चेयर पर रेफर करने में भी परेशानी हुई। अब टीकाकरण के दौरान सभी प्रक्रिया के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए जाएंगे।
सेंटर की संख्या भी कम पड़ी
अभ्यास प्रक्रिया के दौरान सामने आया कि टीकाकरण के लिए जिले में केवल 6 केंद्र काफी कम हैं। इस कारण अब टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने देर शाम समीक्षा बैठक में निर्णय लिया कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों को और शहर के 10 निजी अस्पतालों को टीकाकरण केंद्र बनाया जाएगा। डिप्टी सीएमओ डॉ. तरुण एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. जितेंद्र शर्मा के अनुसार किसी अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारियों की क्षमता ज्यादा होगी तो वहां पर क्षमता के हिसाब से टीम बनाई जाएगी। जैसे जिंदल अस्पताल में करीब 2200 कर्मचारियों की क्षमता है तो वहां पर कम से कम चार वैक्सीनेटर भेजे जाएंगे। समीक्षा बैठक में सिविल सर्जन डॉ. रत्ना भारती, डिप्टी सीएमओ डॉ. जितेंद्र शर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल, डॉ. कुलदीप डाबला एवं डॉ. तरुण सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद थे।
ये 10 निजी अस्पताल बनेंगे केंद्र
जिले के जिन 10 निजी अस्पतालों का टीकाकरण केंद्र के लिए चयन किया गया है, उनमें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, जिंदल अस्पताल, सर्वोदय अस्पताल, सुखदा अस्पताल, सीएमसी अस्पताल, सपरा अस्पताल, आधार अस्पताल, गीतांजलि अस्पताल, रविंद्रा अस्पताल एवं सेवक सभा अस्पताल शामिल हैं। शाम को हुई विभागीय बैठक में इन अस्पतालों के संचालकों को भी बुलाया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. तरुण ने बताया कि सभी को टीकाकरण के लिए सबसे पहले प्रतीक्षा कक्ष, निगरानी कक्ष और टीकाकरण कक्ष सहित सभी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
एक बारी में 5 मरीजों की होगी एंट्री
हांसी (संवाद)। टीकाकरण के लिए तय हांसी नागरिक अस्पताल में वीरवार सुबह अभ्यास से पहले एसएमओ डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने कोविड वैक्सीनेशन सेंटर का उद्घाटन किया। डॉ. बुद्धिराजा ने कहा कि अभ्यास के दौरान एक व्यक्ति पर एंट्री से लेकर वैक्सीनेशन तक करीब 10 मिनट तक का समय लगा। टीकाकरण के बाद मरीज को आधा घंटा तक निगरानी में रखा जाएगा। डॉ. कोमिद मोगा ने बताया कि वैक्सीनेशन के प्रथम चरण में हेल्थ केयर वर्कर को शामिल किया जाएगा। सरकारी कर्मी के अलावा प्राइवेट कर्मियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। पहले फेज में एक दिन में 25 लोगों का रजिस्ट्रेशन किया गया। इस मौके पर डॉ. दीपांशु, डॉ. विजय मलिक, डॉ. रसीद सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
यह रहेगी प्रक्रिया
टीकाकरण के पंजीकरण को लेकर एक दिन पहले मरीज के पास मोबाइल पर मैसेज व फोन आएगा। मरीज को अस्पताल में टीका लगवाने के लिए आने का दिन और समय बताया जाएगा। केंद्र में पहुंचने के बाद मरीज डाटा ऑपरेटर के पास एंट्री करवाएगा। यहां उसका आईडी कार्ड, मोबाइल पर मैसेज आदि चेक किया जाएगा और कोविड एप में पूरी डिटेल भरेगा। उसके बाद मरीज के अंदर भेजा जहां वह प्रतीक्षालय कक्ष में पहुंचेगा और नंबर आने के बाद टीकाकरण कक्ष में जाएगा। इस कक्ष में पांच मरीजों का ही प्रवेश रहेगा। इसके बाद मरीज को टीका लगाया जाएगा और उसे 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। इस दौरान अगर मरीज को किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो एईएफआई मैनेजमेंट उसे देेखेगा। आधे घंटे बाद मरीज को घर भेजने से पहले उसे 28 दिन बाद दूसरी डोज के बारे में समझाया जाएगा।
कोरोना वैक्सीन को लेकर सीएचसी बरवाला में हुआ ड्राई रन
बरवाला (संवाद)। अभ्यास प्रक्रिया का निरीक्षण करने के लिए सीएमओ डॉ. रत्ना भारती बरवाला सीएचसी सेंटर पहुंची। प्रक्रिया के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कुछ जरूरी निर्देश भी दिए। इस दौरान 25 हेल्थ वर्करों को ड्राई रन वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीन लगवाने वाले हेल्थ वर्कर को चार चरण से गुजरना पड़ा। प्रथम चरण में मास्क देने, सैनिटाइज करने व थर्मल स्कैनिंग की प्रक्रिया अपनाई गई। दूसरे चरण में आईडी आदि जांच कर रजिस्ट्रेशन किया गया। तीसरे चरण में प्रतीक्षालय में भेजा और फिर टीका लगाने की प्रक्रिया की गई। चौथे चरण में मरीज को मास्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करने संबंधी तथा दूसरे टीके के बारे में निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसएमओ डॉ. परमजीत सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
आदमपुर में 25 लोगों को लगाई डमी वैक्सीन
मंडी आदमपुर (संवाद)। एसएमओ डॉ. स्नेहलता जिंदल के दिशा-निर्देशन में आयोजित ड्राई रन का स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. जेएस ग्रेवाल व हिसार की सीएमओ डॉ. रत्ना भारती ने निरीक्षण किया। इस दौरान 25 हेल्थ वर्करों को ड्राई रन वैक्सीन लगाई गई।
वैक्सीन जल्द आने की उम्मीद
यह टीकाकरण का पूर्वाभ्यास था, जिसका उद्देश्य खामियां तलाश कर उन्हें दूर किया जाना था। इससे काफी कुछ सीखने को मिला है। इसी हिसाब से कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण प्रक्रिया की शुरुआत होगी। अभी इस समय जो परेशानियां सामने आई हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। उम्मीद है कि जल्द ही कोरोना वैक्सीन आने वाली है, जिसके बाद टीकाकरण शुरू किया जाएगा।
डॉ. जेएस ग्रेवाल, महानिदेशक, स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा।
खामियों को दुरुस्त किया जाएगा
जिले में कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। ड्राई रन के लिए किए गए प्रबंधों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बधाई के पात्र हैं। इसका फायदा यह होगा कि जो खामियां दिखाई दी हैं, उन्हें टीकाकरण तक दुरुस्त कर लिया जाएगा।
- डॉ. प्रियंका सोनी, उपायुक्त, हिसार।
मंडी आदमपुर में ट्रायल का निरीक्षण करने पहुंचे डीजी हेल्थ डॉ. जेएस ग्रेवाल और सीएमओ डॉ. रत्ना भार?- फोटो : Hisar
कैमरी पीएचसी में ट्रायल के दौरान प्रतीक्षालय में बैठे मरीज।- फोटो : Hisar
कैमरी पीएचसी में ट्रायल के दौरान मरीज को अंदर जाने की प्रक्रिया समझाते अधिकारी।- फोटो : Hisar