हिसार। जिला अदालत परिसर में नए न्यायिक अधिकारियों के कार्यभार संभालते ही थानों और पुलिस चौकियों का नए सिरे से पुनर्वितरण कर दिया गया है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था 16 फरवरी 2026 से लागू होगी। अदालत प्रशासन का मानना है कि इससे अदालतों पर बढ़ते कार्यभार में कमी आएगी और मामलों के निस्तारण में तेजी लाकर आम लोगों को जल्द न्याय मिल सकेगा।
नई व्यवस्था के तहत एसीजेएम को थाना सदर और साइबर क्राइम थाना आवंटित किया गया है। सीजेएम को थाना अर्बन एस्टेट, सिविल लाइन, एसवीबी हिसार, जीआरपी हिसार, आरपीएफ हिसार और उकलाना का कार्यक्षेत्र सौंपा गया है। जेएमआईसी सचिन सिंघल को एचटीएम थाना, जेएमआईसी जसप्रीत कौर को आजाद नगर थाना व महिला थाना हिसार तथा जेएमआईसी आयुष को सिटी थाना दिया गया है।
इसी क्रम में जेएमआईसी सुखवीर कौर को आदमपुर और इरिगेशन एंड पावर थाना, जबकि जेएमआईसी अजीतपाल सिंह को अग्रोहा थाना आवंटित किया गया है। प्रथम श्रेणी के न्यायिक मजिस्ट्रेट अखिल गुप्ता को एचटीएम थाना क्षेत्र की 12 क्वार्टर चौकी व मोहल्ला डोगरण चौकी, चारु रावत को सिविल लाइन थाना की पीएलए चौकी, सचिन कुमार-1 को सदर थाना की बालसमंद चौकी, प्रिया अग्रवाल को अर्बन एस्टेट चौकी, सुमित सिंह को सिटी थाना क्षेत्र की पड़ाव चौकी व अनाज मंडी चौकी तथा नीतू को आजाद नगर थाना की मंगाली चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।
हांसी में एसडीजेएम आशुतोष को सिटी थाना और आरपीएफ हांसी, जेएमआईसी तरुण चौधरी को सदर हांसी थाना, जेएमआईसी खुश करण जोत सिंह गिल को साइबर क्राइम थाना, सिसाय पुल चौकी और बस स्टैंड चौकी तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट नवनीत कौर को महिला थाना हांसी का कार्यक्षेत्र सौंपा गया है। अदालत प्रशासन के अनुसार नए सिरे से किए गए इस पुनर्वितरण से न्यायिक प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी और लंबित मामलों के निपटान में गति आएगी।