बालसमंद (हिसार)। राजस्थान में सवारियों से भरी हरियाणा रोडवेज बस को नोहर आरटीओ ने जब्त कर लिया था। इसे शुक्रवार को हिसार के अधिकारियों ने सभी कागजात दिखाकर छुड़वा लिया है। रोडवेज के उपनिरीक्षक आत्माराम ने बताया कि हिसार से सूरतगढ़ के लिए रोजाना हरियाणा रोडवेज की बस चलती है।
बुधवार शाम करीब 5 बजे नोहर के नजदीक आरटीओ चेकिंग में बस परमिट न होने का हवाला देकर राजस्थान ने बस को जब्त कर आरटीओ कार्यालय में खड़ा करवा लिया था। अधिकारी शुक्रवार को चालक-परिचालक के साथ नोहर आरटीओ में गए जहां सभी आवश्यक दस्तावेज दिखाने के बाद आरटीओ ने बस को छोड़ दिया है। बस पर कोई जुर्माना नहीं लगाया है।
उन्होंने बताया कि बस 8 साल से अधिक समय से चल रही थी। हमारे पास बस रूट संबंधित सभी कागजात थे। आरटीओ चेकिंग के समय हम सभी दस्तावेज पूर्ण न कर पाए तो बस को जब्त किया गया। अब बस नियमित रूप से चलेगी, कोई दिक्कत नहीं आएगी।
सवारियों से भरी बस हुई थी जब्त
राजस्थान में नोहर के पास 45 सवारियों से भरी बस को जब्त किया गया था। बस के परमिट संबंधित कागजात पेश न कर पाने पर सवारियों को बीच रास्ते में उतारकर जब्त करवा लिया गया था।