हिसार। पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में आने वाले लोगों को प्रशासन की ओर से लंच उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने 40,000 लंच पैकेट तैयार कराए हैं। इनको बांटने के लिए 300 कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी। स्वयं सहायता समूह और अंत्योदय आहार कैंटीन चलाने वालों से यह लंच पैक तैयार कराए जाएंगे। बाहर से आने वाले सभी लोगों को यह लंच उनकी गाड़ी में ही उपलब्ध कराया जाएगा।
पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में 11 जिलों के लोग आएंगे। दूसरे जिले से आने वाले सभी लोगों के लिए उनकी बस में ही नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। हर एक बस में पर्याप्त संख्या में पानी की बोतल दी जाएंगी। यह प्रबंध बस में तैनात व्यवस्थापक करेगा। यह बस जब हिसार पहुंच जाएंगी तो पीएम के संबोधन के बाद सभी के लिए लंच पैक दिए जाएंगे। एक लंच पैक में चार पूरी, आलू की सूखी सब्जी, दो लड्डू, पानी की बोतल और एक फ्रूटी रहेगी।
खाने को तैयार करने के लिए छह प्वाइंट तय किए गए हैं। अंत्योदय आहार कैंटीन और महिलाओं के स्वयं सहायता समूह यह खाना तैयार करेंगे। जिसके लिए प्रशासन की ओर से भुगतान किया जाएगा।
शिक्षकों की ड्यूटी लगाई फिर लेटर वायरल होने पर हटाई...
खाने के 40,000 पैकेट बांटने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा गया था, जिसमें टीजीटी और पीजीटी की खाना वितरण में ड्यूटी लगाने को कहा गया था। एक टीचर को 5 से 10 हजार पैकेट गिनने की जिम्मेदारी दी गई थी। शिक्षकों की ड्यूटी वाला यह लेटर वायरल हो गया, जिसके बाद शुक्रवार दोपहर को ही शिक्षकों को इस ड्यूटी से हटा दिया। अब खाना वितरण का काम पंचायत विभाग के कर्मचारी संभालेंगे।
300 कर्मी वितरित करेंगे पैकेट
खाना तैयार करने में स्याहड़वा का स्वयं सहायता समूह भाग्य लक्ष्मी 10,000, भर्री का स्वयं सहायता समूह जय बजरंग बली 8 हजार, अंत्योदय आहार कैंटीन पड़ाव चौक 10,000, मकसद समूह 6,000, अंत्योदय आहार कैंटीन बरवाला 6,000 पैकेट तैयार करेंगे। खाने के पैक लेने के लिए प्रशासन की गाड़ी इन सभी लोकेशन पर जाएंगी। खाना वितरण के समय 300 लोगों की मदद ली जाएगी। इसके अलावा समन्वय करने वाले लोग अलग रहेंगे।
अलग से बैठेंगी ड्रोन दीदी, पिंक पास होल्डर को मिलेगी खास जगह
प्रधानमंत्री की रैली के लिए पंडाल तैयार करने का काम 4 अप्रैल से चल रहा है। करीब 3.5 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में पंडाल लगाया जा रहा है। रैली स्थल पर प्रवेश के लिए 15 अलग-अलग सेक्टर बनाए गए हैं। हर सेक्टर में 4 एंट्री गेट हैं। वीआईपी पास वाले लोगों को अलग गेट से इंट्री दी जाएगी। पीएम नरेंद्र मोदी के लिए स्पेशल गेट रिजर्व रहेगा, जिसमें केवल पीएम, सीएम व मंत्री ही शामिल होंगे। स्वयं सहायता से जुड़ी महिलाओं को पिंक पास दिए जाएंगे। इसके अलावा 11 जिलों की ड्रोन दीदी अलग आरक्षित स्थल पर बैठेंगी।