बास। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत बास खंड के 10 गांवों में मंगलवार को गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, अन्नप्राशन दिवस और आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मोहला, बास खुर्द सहित विभिन्न गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुए कार्यक्रमों में महिलाओं, बच्चों और ग्रामीण परिवारों ने भाग लिया। इस दौरान स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया से बचाव, स्वच्छता और विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम सुपरवाइजर कुसुम, कोमल और संतोष की देखरेख में आयोजित हुए। सुपरवाइजर कुसुम ने मोहला, बास खुर्द, पुट्ठी और बड़छप्पर में, कोमल ने खांडा खेड़ी, धर्मखेड़ी और उगालन में तथा संतोष ने बास बादशाहपुर, बास आजमशाहपुर, बास अकबरपुर और भकलाना में कार्यक्रम करवाए।
सुपरवाइजर कुसुम ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सुपरवाइजर कोमल और संतोष ने एनीमिया से बचाव, बच्चों का नियमित वजन करवाने, संतुलित आहार और स्वच्छता अपनाने की अपील की। उन्होंने गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए आवश्यक पोषण पर ध्यान देने तथा पात्र लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं के आवेदन और लाभ लेने की प्रक्रिया भी बताई।
मनजीत बडाला ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को स्वस्थ और जागरूक बनाना है। उन्होंने महिलाओं से बच्चों के खान-पान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और बच्चे ही मजबूत परिवार व समाज की नींव हैं।