हांसी। मां की हत्या की कथित साजिश के मामले में गिरफ्तार विकास नगर निवासी सिकंदर उर्फ खान को न्यायालय ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। सीआईए-1 हांसी की टीम ने आरोपी को मंगलवार को एक फैक्टरी के पास से एक देशी कट्टे और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।
जांच अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, सोमवार को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सिकंदर उर्फ खान एक फैक्टरी के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके लोअर से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस ने हथियार और कारतूस कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिए।
पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। रिमांड के दौरान उससे हथियार कहां से मिला और हत्या की कथित योजना से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।
वारदात से पहले ही धरा लिया गया आरोपी :
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अपनी मां की हत्या करने की नीयत से हथियार लेकर आया था। पुलिस की तत्परता के चलते कथित वारदात से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। थाना शहर में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।