हिसार। उत्तर रेलवे की ओर से शुक्रवार को हिसार रेलवे स्टेशन पर आयोजित रेल जन संवाद कार्यक्रम में यात्रियों ने रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवाज बुलंद की। ट्रेनों के विस्तार और नई सुविधाओं की मांग उठाई साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और खानपान की गुणवत्ता सुधारने का मुद्दा उठाया।
यात्रियों ने खाद्य सामग्री की निर्धारित कीमतों से अधिक वसूली पर अंकुश लगाने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याएं सुनीं और मांगों व सुझावों को संबंधित उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान करवाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी भूपेंद्र कुमार, स्टेशन अधीक्षक सत्यवान लांबा, स्टेशन सुविधा प्रबंधक संजय कुमार और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सोनू कुमार मौजूद रहे।
पूर्वांचल जन कल्याण संगठन समिति के प्रधान विनोद साहनी, सदस्य दिनेश पांडेय, सिकेन्द्र गुप्ता और रत्नेश पांडेय ने रेलवे अधिकारियों को ट्रेनों के विस्तार के लिए मांगपत्र सौंपा।
गाड़ी संख्या 12259/12260 बीकानेर-सियालदह दुरंतो एक्सप्रेस को हिसार से होकर नई दिल्ली तक चलाने की मांग की गई। गाड़ी संख्या 04732/04731 श्रीगंगानगर-समस्तीपुर को सप्ताह में तीन दिन चलाने और इसमें अतिरिक्त कोच लगाने का सुझाव दिया गया। गाड़ी संख्या 12801/12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 12304 पूर्वा एक्सप्रेस को हिसार तक विस्तारित करने की मांग भी रखी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में शहर के 35 संगठनों ने भी रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और रेल मंत्री को पत्र लिखकर यह मांगें उठाई थीं।