Rain in haryana south and west district
- फोटो : Hisar
बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाओं के कारण बुधवार को प्रदेश के पश्चिमी-दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी आदि जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आई बारिश के कारण नरमा-कपास और धान की अगेती फसल को नुकसान हुआ है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार धान की पछेती फसल को इस बारिश से फायदा हुआ और कई दिनों से बारिश को तरस रही सब्जियों और फलदार पौधों को भी बारिश का फायदा होगा। दक्षिणी-पश्चिमी हरियाणा में सरसों की बिजाई अधिक होती है। ऐसे में इस बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और सरसों की बिजाई के लिए तापमान अनुकूल होगा। इससे पहले अब तक तापमान सामान्य से अधिक था। बता दें कि सरसों की बिजाई सितंबर के अंतिम माह से शुरू होकर अक्तूबर तक होती है।
आदमपुर में हुआ जलभराव, तापमान 36 डिग्री पर पहुंचा -
जिले में दिनभर मौसम रंग बदलता रहा। सुबह से आसमान में आंशिक बादल छाए रहे और करीब 10 बजे तेज धूप निकली। कुछ समय बाद फिर से घने बादल छाने के कारण बारिश की संभावना बनी, लेकिन दोपहर के समय बरवाला व हिसार के आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। दोपहर बाद आदमपुर क्षेत्र में जमकर बारिश हुई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जहां इस क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचा, वहीं गलियां पानी से लबालब भर गईं और लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिले में बारिश के बाद बुधवार को अधिकतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
26 तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम -
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ के अनुसार, प्रदेश में 26 सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। वीरवार को भी प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद दो दिन मौसम खुश्क व परिवर्तनशील बना रहेगा।