हिसार। जिले में शनिवार को सुबह से शाम तक मौसम अपना मिजाज बदलता रहा। सुबह कड़ी धूप और बीचबीच में आंशिक बादलवाई के साथ हल्की हवाएं चल रही थी, तो दोपहर होते-होते हवाएं भी रुक गईं। भीषण गर्मी और उमस के कारण लोग पसीना पोंछते नजर आए। दोपहर बाद मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बादल गरजने लगे। शाम ढलते-ढलते जिले भर में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। इसके बाद रात तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। कुछ जगह ओले भी गिरे।
रात 8 बजे तक जिले में 24 एमएम बारिश दर्ज की गई। यह बारिश सभी तरह की फसलों के बेहद फायदेमंद साबित होगी। वहीं, बारिश से शहर में कई जगह पर जलभराव हो गया। ऋषि नगर, शांति नगर, ऑटो मार्केट, दिल्ली रोड सहित कई जगहों पर निचले क्षेत्रों में पानी जमा हो गया और देर रात तक पानी की निकासी हो सकी।
44.5 डिग्री रहा दिन का तापमान
शनिवार को सुबह से निकली कड़ी धूप और उमस ने लोगों को खूब परेशान किया। अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, जो प्रदेश में सर्वाधिक दर्ज किया गया। शाम को हुई बारिश के बाद तापमान में 10 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई। इससे पहले जिले का रात्रि तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
ओले गिरे, अंधड़ से टूटा दुकान का शीशा
जिले में नारनौंद व अग्रोहा क्षेत्र में बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले भी गिरे। इससे पहले तेज अंधड़ के कारण शहर के जवाहर नगर में एक दुकान का मेन गेट का शीशा टूट गया। तेज आंधी और बारिश के चलते शहर में देर शाम तक बिजली गुल रही।