हांसी अनाज मंडी में रखी हुई धान। संवाद
हांसी। मंडियों में धान की खरीद बंद हो गई है। इस बार हांसी की मंडी में पीआर कम धान की आवक पिछले वर्ष की अपेक्षा करीब 15 हजार क्विंटल कम हुई। बाजरा की आवक करीब चार गुना घटी है। कपास की आवक अब तक न के बराबर है। धान की आवक कम होने का कारण बरसात और जलभराव के कारण हुई फसलों की बर्बादी है। ज्यादा नुकसान कपास और बाजरा की फसल को हुआ।
वर्ष 2022 में 88,987 क्विंटल पीआर धान आई थी। वर्ष 2023 में 1 लाख 7668 क्विंटल और वर्ष 2024 में 1 लाख 15 हजार 165 क्विंटल फसल की आवक हुई थी। इस वर्ष केवल 1 लाख क्विंटल फसल पहुंची। हांसी में 65375 क्विंटल की आवक हुई है। 64600 क्विंटल धान की सरकारी खरीद हुई है। वहीं 60110 क्विंटल धान की उठान हो चुकी है। मंडी में अब तक 2.54 लाख क्विंटल 1509 धान व 58347 क्विंटल 1121 धान की आवक हो चुकी है। फरवरी तक आवक जारी रहेगी। सिसाय सब यार्ड में 33986 क्विंटल धान की आवक हुई है जो कि पिछले वर्षों की तुलना में कम है।
हांसी मंडी में धान व बाजरा की खरीद का कार्य हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन कर रही है। सिसाय में धान की खरीद हैफेड कर रही है। बीते दिनों हुई बारिश के बाद धान की ढेरिया भीग गई थीं। इससे धान में नमी बढ़ गई थी। इस वजह से धान की खरीद का कार्य अभी धीमा है। नमी कम होने के साथ ही खरीद व आवक में तेजी होगी।
जानें...किस वर्ष कितने धान की आवक हुई
मार्केट कमेटी के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2022-23 में धान की किस्म पीआर सहित, 1509 व 1121 मिलाकर कुल 8 लाख 29 हजार क्विंटल धान आई थी। वर्ष 2023-24 में 8 लाख 14 हजार क्विंटल धान आई थी। वर्ष 2024-25 में 10 लाख 64 हजार क्विंटल धान आ चुकी है। बीते वर्ष की अपेक्षा धान की आवक 1.36 लाख क्विंटल बढ़ी है।
:::::::::::::::::
मंडी में इस वर्ष 6902 क्विंटल बाजरा की खरीद हुई है। पिछले वर्ष 24043 क्विंटल बाजरा की खरीद हुई थी। केवल 409 क्विंटल कपास की खरीद हुई है। पिछले वर्ष 11528 क्विंटल नरमा की आवक हुई थी। सोमवार से मंडी में कॉटन कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया खरीद करेगी। मंडी में पीआर धान की खरीद बंद हो गई है। मंडी में धान की आवक पिछले वर्षों से कम है। धान की अन्य किस्म की आवक जारी है।- अमित रोहिल्ला, सचिव, मार्केट कमेटी, हांसी।