हिसार। पश्चिमी विक्षोभ के चलते पिछले दो दिन से मौसम में बदलाव आया। शुक्रवार व शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। सिरसा और हिसार जिले में ओलावृष्टि भी हुई। सुबह के समय ठंडी हवाएं चलने से मौसम में ठंडक का अहसास हुआ। रविवार 16 मार्च सुबह तक सिरसा फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, अंबाला ,यमुनानगर, करनाल में बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहने से मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा।
पश्चिम विक्षोभ की वजह से पूरे प्रदेश में मौसम में बदलाव आ रहा है। तापमान में उतार चढाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। बारिश जौ-गेहूं के लिए फायदेमंद साबित होगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्र मोहन ने बताया कि 13 मार्च को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13-14 मार्च को कई जिलों में बारिश रही। सिरसा ,फतेहाबाद ,हिसार ,भिवानी ,चरखी- दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर ,गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात जिलों में 15-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ चरखी दादरी ,महेंद्रगढ़ रेवाड़ी , गुरुग्राम, मेवात तथा हिसार में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। शनिवार को सक्रिय हुए पश्चिम विक्षोभ के चलते सिरसा फतेहाबाद, हिसार, जींद ,कैथल, कुरुक्षेत्र ,अंबाला ,यमुनानगर, पंचकूला ,करनाल ,पानीपत में तेज गति से हवाएं चलीं। हल्की बारिश भी हुई। 16 मार्च रविवार सुबह तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। कहीं कहीं बिखराव वाली छिटपुट बूंदा-बांदी की ही संभावना है।
-
कहां हुई बारिश
करनाल 5.5 एमएम
पानीपत 8.5 एमएम
जींद 4.0 एमएम ्
हिसार 1.0 एमएम
सिरसा 2.0 एमएम
फतेहाबाद 7.0 एमएम
दादरी 2.0 एमएम
रोहतक 1.0 एमएम