हिसार। रेलवे स्टेशन पर घूमती बेहसारा गायें
- फोटो : bureau
रेलमंत्री सुरेश प्रभु के आने पर रेलवे स्टेशन की साफ-सफाई की व्यवस्था एक ही दिन टिक सकी। मंत्री के रवाना होते ही शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर पहले की तरह अव्यवस्थाएं नजर आईं। आला अधिकारियों की साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के दावे हवा होते नजर आए।
गौरतलब है कि रेल मंत्री के आने पर जहां बीकानेर मंडल का बैनर लगाकर सफाई अभियान चलाकर स्टेशन के हर हिस्से को चमकाया गया था। वहीं शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर जिंदगी उसी पुराने ढर्रे पर लौट आई। स्टेशन पर दोबारा से गंदगी फैलने के साथ ही यात्री टिकट काउंटर के सामने, सीढ़ियों पर लेटे हुए थे, जबकि रेलवे मंत्री के आने पर यात्रियों को टिकट काउंटर के आसपास बैठने भी नहीं दिया जा रहा था। वहीं गंदगी फैलाने पर यात्रियों पर 500 रुपये जुर्माना लगाने की बात भी कही गई थी। लेकिन रेलमंत्री के जाने के बाद स्टेशन में जगह-जगह गंदगी दिखी। कचरा फेंकने वालों को कोई रोकता नजर नहीं आया।
स्टालों की भी हुई वापसी
रेलमंत्री के दौरे को देखते हुए रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म से चाय, कोल्ड ड्रिंक्स व फलों की स्टाल व रेहड़ियों को हटवा दिया गया था। लेकिन मंत्री के जाने के बाद स्टेशन पर फिर से इन स्टालों की भी वापसी हुई। जिनसे यात्री फल व अन्य खाने का सामान आदि लेकर स्टेशन पर ही कूड़ा-करकट डाल रहे थे।
लावारिस पशुओं ने भी की एंट्री
रेलमंत्री के आने पर जहां रेलवे स्टेशन के अंदर व गेट पर एक भी गाय आदि नजर नहीं आ रही थी। वहीं शुक्रवार को दोबारा से गाय स्टेशन के दोनों गेट पर घूमती नजर आईं। वहीं स्टेशन के एक न. गेट पर दोबारा से ऑटो व रिक्शा आदि की भरमार नजर आई, जबकि रेलमंत्री के आने पर रेलवे परिसर में ऑटो व रिक्शा का प्रवेश बंद कर दिया गया था।