सांसद दुष्यंत चौटाला की मांग पर रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने हिसार से किया वादा निभाते हुए हिसार की सबसे बड़ी सूर्य नगर आरओबी की मांग पूरी कर दी है। रेल मंत्री ने सीपीएस की ओर से दी गई हांसी-महम-रोहतक तथा हिसार-अग्रोहा-फतेहाबाद रेल लाइन को मंजूर किया। सीएम मनोहरलाल ओर से आरयूबी-आरओबी के प्रोजेक्ट मंजूर किए। सांसद, सीपीएस और सीएम की प्रमुख मांग पूरी कर रेल मंत्री ने सियासी संतुलन बनाया।
सियासी अखाडे़ में फंसे सूर्य नगर आरओबी को रेल बजट में रेल मंत्री सुरेश प्रभु का ग्रीन सिग्नल मिल गया। सांसद दुष्यंत चौटाला ने लगातार सूर्य नगर आरओबी की मांग उठाई। उन्होंने रेल मंत्री को कई बार पत्र लिखे। अधिकारियों से कई बार इस बारे में पत्राचार किया। सांसद की ओर से अपनी सांसद निधि से इस आरओबी को बनाने तक का प्रस्ताव दिया गया था।
सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने इस आरओबी को तकनीकी तौर पर गलत बताते हुए खारिज कर दिया था। दिसंबर 2015 में सूर्य नगर में जनता दरबार में उन्होंने इसे सिरे से नकारते हुए कहा कि चुनाव में हमने गलत वादा कर लिया था। इस आरओबी को दोनों नेताओं की लंबे समय तक जुबानी जंग चली थी। सांसद दुष्यंत की कई मांगों को पूरा करते हुए रेल मंत्री विपक्ष के सांसद को साधने का प्रयास किया। सांसद दुष्यंत की ओर से करीब दो दर्जन से अधिक मांग रखी गई थी। जिसमें रेल मंत्री ने कई पर कैंची चलाने का काम भी किया।
सीपीएस को भी खुश कियाहिसार के सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने हिसार-हांसी-महम रेल लाइन की प्रमुख मांग रखी थी। हिसार-अग्रोहा-फतेहाबाद-सिरसा रेल लाइन के लिए भी प्रस्ताव भेजा था। इसके अलावा आरओबी, आयूबी की मांग भी की गई थी। सीपीएस की ओर से भेजी गई इन दोनों मांगों को सुरेश प्रभु ने पूरा किया है। अक्तूबर 2015 में अग्रोहा धाम में आयोजित समारोह में अग्रोहा रेल लाइन के लिए अग्रवाल समाज के लोगों की ओर से भी मांग रखी गई थी।
कैमरी रोड फाटक सीएम ने किया था मंजूरजून महीने में सीएम मनोहरलाल खटटर ने कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली थी। इसमें कार्यकर्ताओं ने कैमरी रोड फाटक, साउथ बाईपास पर सेक्टर 16-17 फाटक पर अंडर पास या आरओबी की मांग रखी थी। इसे सीएम ने मंजूर करते हुए इसे पूरा कराने का भरोसा दिया था। सीएम की ओर से इसे रेल मंत्री सुरेश प्रभु को भेजा गया था।
हिसार के लिए यह रेल बजट अब तक का सबसे बेस्ट बजट है। इतनी सौगातें मिलना वाकई खुुुशी की बात है। इसके लिए मैं रेल मंत्री सुरेश प्रभु का आभार जताऊंगा। हांसी - महम रेल लाइन तथा हिसार - अग्रोहा - फतेहाबाद रेल लाइन पर काम होने से लोगों को सबसे अधिक फायदा मिलेगा।- डॉ. कमल गुप्ता, सीपीएस, हरियाणा
हिसार लोकसभा क्षेत्र की रेलवे से जुड़ी समस्याओं के निदान के लिए कई बार केंद्रीय रेलमंत्री से मिला। उसी का प्रतिफल है कि हिसार के लिए पांच आरओबी, दो आरयूबी, एस्केलेटर, हिसार-अग्रोहा-फतेहाबाद-सिरसा रेल लाइन, कर्मचारियों के स्टाफ क्वार्टर को मंजूरी मिली। हिसार पर नजरें इनायत करने के लिए थैंक्स प्रभु जी।- दुष्यंत चौटाला, सांसद, हिसार