पब्लिक पुलिस की दोस्ती की से सड़कों पर मस्ती की राहगिरी हुई। करीब एक किलोमीटर के दायरे में हर तरह के खेल हुए। बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी खेलों में हिस्सा लेते रहे। खेल के बाद स्टेज के पास पहुंचकर डांस किया। एरोबिक डांस पूरे प्रोग्राम की शान रहा।
राहगिरी का शुभारंभ मां सरस्वती की के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। एसपी, एसडीएम, डीएसपी, जिला खेल अधिकारी सहित अधिकारियों ने साइकिलिंग की। पंचायत भवन के पास गवर्नमेंट कॉलेज के गेट के पास बनी एरोबिक डांस की स्टेज पर एसपी अश्विन शैणवी, एएसपी राजेश कुमार, डीएसपी जयपाल और अन्य अधिकारी पहुुंचे। अधिकारियों ने कुछ क्षण के लिए स्टेज पर स्टेप मिलाते हुए एरोबिक डांस भी किया। हिसार की पहली राहगिरी को हर किसी ने पसंद किया। पुलिस की ओर से रानी लक्ष्मी बाई चौक पर बेरिकेड लगाए गए थे। शर्मा अस्पताल के आगे वाहनों की इंट्री बैन थी। मलिक चौक की ओर से भी बेरिकेड थे। यहां एसडीएम, एडीसी आवास के आगे वाहनों की इंट्री पर रोक थी। शर्मा अस्पताल से लेकर पंचायत भवन के बीच की सड़कों पर राहगिरी की गई। सुबह छह से लेकर करीब साढे़ 9 बजे तक यह कार्यक्रम चला।
योगा की क्लास
राहगिरी में महाबीर स्टेडियम के गेट से पहले योगा सिखाया गया। स्वाभिमान भारत ट्रस्ट, पतंजलि के सदस्यों ने बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को योगा कराया। पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को योगा के फायदे बताए।
बच्चों ने कन्या भ्रूण हत्या पर दी प्रस्तुति
प्रोग्राम में मस्ती भरे आलम के बीच कन्या भ्रूण हत्या विषय पर सूर्य नगर के हिंद पब्लिक स्कूल के बच्चों की प्रस्तुति पर कुछ दर्शकों की आंखें नम भी हुईं। बच्चों ने कोख में बच्ची के कत्ल की प्रस्तुति देकर समाज की बुराई को बताया और फिर अंत में बेटी बचाने का साफ संकेत भी दिया।
सर्जिकल स्ट्राइक पर नेताओं को सबक
छोटी की बच्ची प्ररेणा ने सर्जिकल स्टाइक से अपना संबोधन शुरू कर लोगों को चाइनीज सामान के बहिष्कार का संदेश दिया। इस बच्ची ने अपने भाषण के जरिए राजनेताओं पर कटाक्ष करते हुए सैनिकों के सम्मान की बात कही। इस स्पीच ने खूब तालियां बटोरी।
स्टापू से लेकर स्केटिंग
करीब एक किलोमीटर के इस दायरे में हर किसी ने अपनी मस्ती से अपनी पसंद का गेम खेला। कंचे, स्टापू, बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग, जूडो- कराटे, योगा, फुटबाल, मटका रेस, साइकिलिंग, स्केटिंग, चेस, सर्कल रिंग, गोला फेंक, रस्सी कूद गेम यहां खेले जा रहे थे। स्कूली बच्चों ने यहां पोस्टर मेकिंग के अलावा कागज के उपयोग से डिजाइन मेकिंग किया।
ये वीआईपी रहे मौजूद
एसपी अश्विन शैणवी, नोडल ऑफिसर डीएसपी जयपाल सिंह, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम अशोक कुमार बसंल, कर्नल सुंदर सिंह, डीएसपी भगवान दास, जितेंद्र सिंह खटकड़, जिला खेल अधिकारी सूबे सिंह बैनीवाल, बिजली निगम के एक्सईन एसके सांगवान, रेडक्रास सचिव रविंद्र लोहान, जिला पार्षद कृष्ण सातरोड, नायब तहसीलदार एचके गुप्ता, राहगिरी टीम के अशोक हंसु, डॉ राजश्री चौटानी, डीपीआरओ अमित पंवार, पुलिस पीआरओ चंद्रभान, हरीश भारद्वाज उपस्थित थे।
युवाओं को जोड़ने के लिए
एसपी अश्विन शैणवी ने कहा कि लैटिन अमेरिका में क्राइम ग्राफ बढ़ने पर राहगिरी की शुरुआत की गई थी। वहां पर परिवारों तथा समाज के लोगों को आपस में जोड़ने के लिए राहगिरी शुरू की गई थी। प्रदेश में 38 प्रतिशत युवा वर्ग एकल परिवार की वजह से गलत कामों की दिशा में जा रहा है। बच्चों, युवाओं व उनके अभिभावकों को जोड़ने के लिए हरियाणा में राहगिरी शुरू किया गया है।
फेसबुक पर दें सुझाव
राहगिरी के लिए rahgiri@hissarlink के नाम से फेसबुक अकाउंट शुरू किया गया है। कोई भी व्यक्ति राहगिरी के बारे में इस पर अपना सुझाव साझा कर सकता है। अगले संडे 30 अक्तूबर को दिवाली के कारण राहगिरी नहीं होगी। राहगिरी का अगला प्रोग्राम 6 नवंबर को होगा। राहगिरी में सहयोग के लिए संस्थाएं नोडल ऑफिसर डीएसपी जयपाल सिंह से 88140-11352 पर संपर्क कर सकती हैं।
एरोबिक और डांस स्टेज पर भीड़ ज्यादा
मस्ती की इस पाठशाला में सबसे अधिक भीड एरोबिक डांस की स्टेज के सामने रही। यहां स्टेज पर किए जा रहे डांस से हर कोई प्रभावित हो रहा था। स्टेज के सामने खडे़ दर्शक उनके कदम ताल मिलाते हुए डांस कर रहे थे। एरोबिक डांस का म्यूजिक भी लुभा रहा था। एचएयू गेट नंबर एक के आगे लगा डांस स्टेज भी भीड़ जुटाता रहा। यहां एंकर प्रोग्राम प्रस्तुत कर रहा था।