रामलीला कमेटी कटला ने प्रधान पद को लेकर चुनाव स्थगित होने के मामले के बाद रामलीला पर गहराए संकट को दूर कर दिया है। कमेटी सदस्यों ने वर्षों पुराना इतिहास कायम रखने के लिए चुनाव से पहले रामलीला का मंचन समय पर करवाने का फैसला लिया है। बजरंग दास गर्ग के आवास पर कमेटी सदस्यों की बुलाई गई बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है। कहा गया है कि रामलीला के मंचन के बाद चुनाव करवाए जाएंगे। इस मामले की सूचना कमेटी सदस्यों ने जिला प्रशासन को भी भेज दी है।
गुप्ता की देखरेेख में ही होगा मंचन
गर्ग के आवास पर हुई बैठक में लगभग प्रधान पद के सभी दावेदार मौजूद थे। कार्यवाहक प्रधान सज्जन गुप्ता को रामलीला मंचन करवाने की जिम्मेवारी सौंपी गई है। वे अपनी देखरेख में अभी तक चले आ रहे रीतिरिवाज के हिसाब से समाज से चंदा एकत्रित कर रामलीला का मंचन करवाएंगे।
ये रहे मौजूद
बैठक में वीरभान बंसल, सज्जन गुप्ता, विनोद गुप्ता, विनोद कंसल, पितरुमल गोयल, राजेंद्र बंसल, संत सिंगल, बजरंग सिंगल, ओमप्रकाश गोयल, सतनारायण गोयल, राजेश शर्मा, अतुल गुप्ता, दयानंद बंसल, राजेंद्र चौधरी, बृजभूषण जैन, देवीराम जिंदल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
कमेटी सदस्यों ने समाज के हित को सर्वोपरि मानते हुए अच्छा फैसला लिया है। चुनाव हो जाएंगे मगर उससे पहले रामलीला का मंचन करवाना बेहद जरूरी है। बैठक में सर्वसम्मति से एतिहासिक फैसला लिया गया है।
- बजरंग दास गर्ग
बैठक में प्रधान पद के लगभग सभी दावेदार मौजूद थे। समाज के सभी लोगों के सहयोग से रामलीला का मंचन करवाया जाएगा। रामलीला के बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी।
- सज्जन कुमार, कार्यवाहक प्रधान रामलीला कमेटी कटला