फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: सीवरेज लाइन निर्माण पर उठे सवाल, बंद काम छुट्टी के दिन शुरू करने पर लोगों में रोष

Sun, 05 Jul 2026 11:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
सिवानी मंडी। वार्ड नंबर-3 में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बिछाई जा रही सीवरेज लाइन का निर्माण कार्य शुरू होते ही विवादों में घिर गया है। बरसात के दौरान घरों और गलियों में जलभराव की समस्या से परेशान वार्डवासियों को नई लाइन से राहत मिलने की उम्मीद थी लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने से उनकी चिंता बढ़ गई है। वार्डवासियों ने उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) को लिखित शिकायत देकर निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत के बाद कुछ दिनों के लिए निर्माण कार्य रोक दिया गया था लेकिन रविवार को अवकाश के दिन दोबारा कार्य शुरू कर दिया गया।
विज्ञापन

वार्डवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा। उनका कहना है कि यदि शुरुआत में ही अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाई गई तो लाखों रुपये की लागत से बनने वाली यह योजना कारगर सिद्ध नहीं होगी।।
वार्डवासी दिनेश वशिष्ठ, सुंदर बिश्नोई, मनोज चोपड़ा, श्याम लाल, कपिल अग्रवाल, अरुण कुमार और राहुल ने बताया कि सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान पाइपों के नीचे आवश्यक रोड़े (बेडिंग) नहीं डाले जा रहे हैं तथा पाइपों को निर्धारित लेवल पर भी नहीं बिछाया जा रहा। इसके अलावा निर्माणाधीन मैनहोल में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया गया है। उनका कहना है कि इससे भविष्य में मैनहोल क्षतिग्रस्त हो सकते हैं और पूरी सीवरेज लाइन प्रभावित होने की आशंका बनी रहेगी जिससे सरकारी धन भी व्यर्थ जाएगा।
विज्ञापन

15 दिन से क्षेत्र में दूषित पेयजल की हो रही आपूर्ति :
वार्डवासियों का आरोप है कि शिकायत विचाराधीन होने के बावजूद कार्य दोबारा शुरू किया जाना कई सवाल खड़े करता है। उनका यह भी कहना है कि सीवरेज लाइन बिछाने के कारण पिछले करीब 15 दिन से क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की है।
घटिया निर्माण सामग्री के आरोप निराधार : ठेकेदार
निर्माण कार्य के ठेकेदार अश्वनी कुमार ने वार्ड वासियों के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि जल निकासी लाइन का निर्माण विभागीय मानकों और तकनीकी नियमों के अनुसार किया जा रहा है। पाइप लाइन सही लेवल पर बिछाई जा रही है। जहां जिस सामग्री की आवश्यकता है वहीं उसका उपयोग किया जा रहा है। मैनहोल का निर्माण भी गुणवत्ता के अनुरूप किया जा रहा है।
:::::::::::
सोमवार को संबंधित ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो संबंधित हिस्से का निर्माण दोबारा कराया जाएगा। वार्ड लंबे समय से जल निकासी की समस्या से परेशान है और बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में कार्य जल्द पूरा होना भी जरूरी है। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। - संजय राणा, पार्षद, वार्ड, वार्ड-3
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें