हिसार। पारिजात चौक के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बाइक सवार युवक स्कूटी के पीछे बैठी महिला के हाथ से पर्स छीनकर भाग निकला। पर्स में 15 हजार रुपये और एक स्मार्ट घड़ी थी। शहर थाना पुलिस ने सेक्टर-16 की रहने वाली राजरानी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ छीना झपटी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-16 की रहने वाली राजरानी ने बताया कि राजगुरु मार्केट में बुटिक उसका है। बुधवार सुबह करीब सवा बजे पति हरीश के साथ स्कूटी पर घर से राजगुरु मार्केट के लिए निकली थी। करीब साढ़े 11 बजे पारिजात चौक के पास पहुंचे तो सामने से एक युवक बाइक पर आया और झपटा मारकर हाथ से पर्स छीन भाग निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद
फोटोग्राफर व उसके साथियों के साथ की मारपीट, कार भी तोड़ी
हांसी। एसडी कॉलेज मार्केट में फोटोग्राफर व उसके साथियों के साथ करीब छह युवकों ने मारपीट की। युवकों ने उनकी कार व स्टूडियो में तोड़फोड़ की। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे की है। बताया जा रहा है फोटोग्राफर अपने काम से लौटे थे और कार से सामान उतारकर स्टूडियो में रख रहे थे। इसी दौरान वहां कुछ युवक शराब के नशे में आए और उनके साथ बिना किसी वजह के मारपीट करने लगे। इस दौरान युवकों ने कार में व स्टूडियो में ईंटें बरसाईं, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं स्टूडियो के गेट में लगा कांच टूट गया। जिस पर फोटोग्राफर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और मौके से युवकों को पकड़ कर थाने ले गए। बताया जा रहा है कि युवकों के परिजनों के आने के बाद मामला सुलझ गया।