बरवाला। हांसी मार्ग पर एक व्यक्ति के 2 लाख 90 हजार रुपये गिर गए। ब्याना खेड़ा निवासी राजेश को यह रकम मिल गई। उसके बाद दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से व्यक्ति का पता चला। ईमानदारी दिखाते हुए बधावड़ निवासी राहुल को यह पूरी राशि राजेश ने लौटा दी। बधावड़ निवासी राहुल किसी काम से बरवाला आया था। हांसी मार्ग पर मार्केट से सामान लेने के बाद वह घर पहुंचा। जब पेमेंट संभाली तो रुपयाें की थैली गायब मिली। राजेश को सड़क पर यह नकदी से भरी थैली मिल गई। उसने तुरंत शहर के सोशल मीडिया ग्रुप में जानकारी डाली कि जिसकी रकम हो, वह आकर ले सकता है। बाद में राजेश ने मार्केट के दुकानदारों की सहायता से सीसीटीवी फुटेज में राशि के असली मालिक की पहचान की। फिर राजेश और अन्य लोग बधावड़ पहुंचे और राहुल को 2.90 लाख रुपये लौटा दिए। इस मौके पर रघुवीर पूनिया, सतबीर पूनिया, सतीश नेहरा, हरिकेश पूनिया और कुलदीप पूनिया आदि मौजूद थे।