संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। जमीन विवाद को लेकर पंजाब पुलिस के कर्मचारी की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें वह एक महिला को देखकर अश्लील इशारे कर रहे हैं। इसी मामले में महिला ने रोड़ी थाने में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला ने पंजाब के मुख्यमंत्री और मानसा के एसपी को शिकायत भेजकर एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि पुलिस को दी शिकायत में रोड़ी निवासी तेज सिंह की पत्नी हरदीप कौर ने अपनी शिकायत में बताया कि सोमवार को धन्ना सिंह व उसकी पत्नी, लड़की व लड़के ने मेरे घर पर पत्थर मारे थे। वहीं धन्ना सिंह ने मेरे सामने अश्लील हरकत की थी। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में हरदीप कौर ने बताया कि धन्ना सिंह रिश्ते में उसका देवर लगता है, जोकि पंजाब पुलिस में एएसआई के पद पर नियुक्त है। वह पंजाब मानसा के थाना सरदूलगढ़ में कार्यरत है। वह जमीन पर कब्जे को लेकर इस प्रकार की हरकत कर रहा था। धन्ना सिंह उसे तंग करता है। जिसको लेकर उसने थाना रोड़ी और मानसा एसपी को शिकायत दी है। वहीं इस मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी शिकायत भेजी है।
कोट्स
हरदीप कौर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में जांच चल रही है।
-रामंचद्र, रोड़ी, थाना प्रभारी