हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में सेमिनार हॉल नंबर एक में शनिवार को हरियाणा पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन (एचपीईए) की द्विवार्षिकी केंद्रीय कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न हुए। इसमें प्रदेशभर से हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम से करीब 450 पावर इंजीनियर्स शामिल हुए। जबकि चुनाव रिटर्निंग अधिकारी एसके गर्ग व दलजीत सिंह के देखरेख में ये चुनाव आयोजित किए गए।
एचपीईए के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर्स विजेंद्र लांबा व महासचिव इंजीनियर्स अनिल नागर ने चुनाव प्रक्रिया से पूर्व वार्षिक आम सभा को संबोधित किया। प्रदेशाध्यक्ष लांबा ने बताया एसोसिएशन के इंजीनियर्स ने प्रदेश में लाइन लोस 11 प्रतिशत तक लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं आमजन की सुविधा के लिए अघोषित व घोषित कटों को कम समय में बहाल करने में अहम भूमिका निभाई है। रेवेन्यू रिकवरी भी बढ़ाई है, जिससे प्रदेश में बिजली दर नियंत्रित रहे हैं।
निजीकरण करने के लिए सरकार जानबूझकर गलत आंकड़े कर रही पेश : दूबे
ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के चेयरमेन शैलेंद्र दूबे ने बताया कि आज देश के पब्लिक पावर सेक्टर पर सरकार की बुरी नजर है, वो अपने चहेतों कॉर्पोरेटर को सौंपने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के कंधों का इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही आंकड़ों को गुमराह कर बिजली घाटा दिखाकर निजीकरण को बढ़ावा दे रहे हैं। हाल ही में सरकार ने चंडीगढ़ पावर यूटिलिटी का निजीकरण करने का फैसला ताजा उदाहरण है।
नई कार्यकारिणी में पुनीत कुमार बने एचपीईए के अध्यक्ष
चुनाव अधिकारी एसके गर्ग ने बताया कि एचपीईए की नई कार्यकारिणी में पुनीत कुमार, एसई ऑपरेशन, यूएचबीवीएन यमुनानगर को अध्यक्ष चुना गया है। रविंद्र घणघस, एक्सईएन, पीएंडडी, डीएचबीवीएन को महासचिव व पुनीत शर्मा, एसडीओ एचवीपीएन, पंचकूला को चीफ ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी चुना गया है। इसके अलावा एचवीपीएन से ललित कुमार, विरेंद्र राणा, बलजीत बैनीवाल व सोनू यादव, यूएचबीवीएन से आशीष गौतम, जतिन जांगड़ा, यशपाल राणा व सतीश गोयत, डीएचबीवीएन से सुदीप बामल, मनमोहन जीतसिंह मान, राहुल मेहला व सुमित कुमार का सदस्य के रूप में चयन हुआ है। 15 प्रतिनिधियों को गोपनीयता से शपथ दिलाई गई।
ये भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में एचपीईए के संरक्षक आरएस छोकर, पूर्व प्रधान बीएस बूरा, पूर्व प्रधान रामपाल, दलजीत सिंह, आशीष मोदी, सलाऊदीन कागदाना, हितेंद्र बजाज, नारायण प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।