हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में गरीब एवं मेधावी विद्यार्थियों के लिए फंड एकत्रित करने व किसी जरूरतमंद विद्यार्थी की मदद करने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए प्रपोजल तैयार कर लिया गया है। सेंटर बनने के बाद इससे सभी विभागों को जोड़ा जाएगा।
मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए पहले विभागाध्यक्षों की मंजूरी लेनी होगी इसके बाद ही मदद की जा सकेगी। सेंटर बनने से विवि में पढ़ने वाले विद्यार्थियों व विवि में पढ़ाई करने के इच्छुक मेधावी विद्यार्थियों को मदद मिलेगी। इसके अलावा जो विद्यार्थी आर्थिक तंगी के कारण बीच में पढ़ाई छोड़ देते हैं उनकी मदद भी इस सेंटर के माध्यम से की जाएगी। मदद उन्हीं मेधावियों को की जाएगी जो विद्यार्थी विवि से किसी तरह की स्कॉलरशिप और फीस में छूट न ले रहा हो।
सेंटर के माध्यम से विवि में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थी जो शोध कार्य करना चाहते हैं और उनके पास इसके लिए बजट नहीं है तो इस सेंटर के माध्यम से उनकी मदद भी की जाएगी। इससे शोधार्थियों के शोध के कार्य में परेशानी नहीं होगी और वे समय पर अपना शोध पूरा कर पाएंगे।
जल्द ही विश्वविद्यालय में मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय सेंटर की शुरुआत की जाएगी। इसमें गरीब व मेधावी विद्यार्थियों की मदद के लिए फंड जमा किया जाएगा ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को जरूरत के समय आर्थिक मदद मिल सके।
- प्रो. विनोद छोकर, कुलसचिव, जीजेयू