हिसार। विद्युत सदन गेट नंबर 4 पर शुक्रवार सुबह एसीडी (अग्रिम खपत जमा राशि) भरने का विरोध जता रहे लोगों ने विद्युत सदन में तीन घंटे तक हंगामा किया। इस हंगामे की भनक जब प्रशासन को लगी तो एएसपी उपासना, एसई राजेंद्र सबरवाल सहित बिजली निगम के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थिति को संभालने के लिए एसई राजेंद्र सबरवाल ने कई बार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। एमडी बलकार सिंह से मिलने की जिद पर अड़े प्रदर्शनकारी धरनास्थल पर बैठ गए।
आक्रोश बढ़ता देख एसई ने प्रदर्शनकारियों की पांच सदस्यीय कमेटी बनाकर एमडी बलकार सिंह से मुलाकात कराई। 30 मिनट तक चली इस बातचीत के बाद कोई हल नहीं निकला, जिस पर एमडी ने प्रदर्शनकारियों की समस्या को मुख्यालय भेजने का आश्वासन दिया और तब तक एसीडी भरने के लिए कहा। मीटिंग विफल देख प्रदर्शनकारियों ने फैसला लिया कि वे किसी भी हाल में एसीडी नहीं भरेंगे। अगर बिजली निगम ने कनेक्शन काटने का प्रयास किया तो वे कर्मचारियों को बंधक बनाएंगे।
मुनादी कर रहे ई-रिक्शा को पुलिस ने पकड़ा
विद्युत सदन में चले हंगामे के बीच प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला। शुक्रवार सुबह 11 बजे सूर्य नगर फाटक के समीप एक ई-रिक्शा एसीडी न भरने के लिए शहर में मुनादी कर रहा था। पुलिस ने मौके पर जाकर ई-रिक्शा को अपने कब्जे में ले लिया और चालक सहित वाहन को चौकी ले गए। जब इसकी भनक सूर्य नगर क्षेत्रवासियों को लगी तो काफी संख्या में महिलाएं पुलिस चौकी पहुंचीं और ई-रिक्शा छोड़ने के लिए कहा। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनसे अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धक्का मारकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद महिलाएं संतरो, कलावती, राजबाला आदि विद्युत सदन पहुंच गईं और एएसपी उपासना सिंह से ई-रिक्शा छोड़ने की मांग की, जिस पर एएसपी ने सूर्य नगर चौकी इंचार्ज को ई-रिक्शा छोड़ने के आदेश दिए।
प्रदर्शनकारी बोले - हमें गुमराह न करो एसई साहब, बस आप एमडी को बुलाओ
एसीडी का विरोध जता रहे लोगों ने विद्युत सदन के गेट नंबर 4 पर हंगामा किया। इस दौरान एसई राजेंद्र सबरवाल पर भी प्रदर्शनकारी कई बार बिफरे। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए जब एसई ने मुख्यालय के सख्त आदेश बताए तो प्रदर्शनकारियों ने दो टूक जवाब दिया कि हमें गुमराह न करो एसई साहब, बस आप एमडी को बुलाओ।
आज बिजली मंत्री से मिलेगा शहर का प्रतिनिधिमंडल
अग्रिम खपत जमा राशि को लेकर शनिवार को शहर का प्रतिनिधिमंडल बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला से मिलेगा। इस मीटिंग में विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोग सिक्योरिटी बिल से संबंधित समस्याओं व अन्य तकनीकी खामियों पर चर्चा की जाएगी। पीएलए सेक्टर प्रधान सतपाल ठाकुर ने बताया कि कोरोना काल में वैसे ही आमजन का बुरा हाल है। अब एसीडी लोगों के सामने सिरदर्द बन चुका है। उन्होंने बताया कि बिजली मंत्री से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा जाएगा ताकि समस्या का निदान हो सके।
डीसी को देंगे ज्ञापन
बिजली निगम ने कनेक्शन काटने का प्रयास किया तो कर्मचारियों को बंधक बनाया जाएगा। 19 अप्रैल को डीसी को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। अगर उसके बावजूद भी समस्या का निदान नहीं हुआ तो उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास का घेराव किया जाएगा।
- दलजीत पंघाल, किसान नेता।
मांगों को मुख्यालय भेजेंगे
सिक्योरिटी बिलों के विरोध में लोग एमडी से मिले थे। उनकी मांगों को मुख्यालय भेजा जाएगा। तब तक लोगों को सिक्योरिटी बिलों को भरना होगा।
- रवि ठकराल, प्रवक्ता, बिजली निगम।