बालसमंद। बालसमंद क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्रियों और इंतकाल संबंधी कार्य लंबे समय से लंबित होने से किसानों में रोष है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 17 जून तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों का आरोप है कि ऑनलाइन सिस्टम पिछले तीन-चार माह से प्रभावित है जिससे करीब 190 इंतकाल और दर्जनों रजिस्ट्रियां लंबित पड़ी हैं।
किसानों के अनुसार समस्या के समाधान के लिए वे कई बार तहसील और संबंधित विभागों के चक्कर लगा चुके हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लंबित मामलों के कारण उन्हें आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारी अनिल गोरछी ने कहा कि हरियाणा सरकार और प्रशासन को 17 जून तक का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में सभी लंबित इंतकाल और रजिस्ट्री संबंधी कार्य पूरे किए जाएं तथा समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। अन्यथा किसान आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
अभी हाल ही में मैंने कार्यभार संभाला है। सोमवार को पटवारियों की बैठक बुलाई गई है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। किसी भी किसान को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
- धर्मपाल, तहसीलदार, उप तहसील बालसमंद।