हिसार। शहर में रविवार शाम सेक्टर 9-11 मोड़ के पास दो पक्षों के बीच झगड़े में बीच-बचाव करने गए प्रॉपर्टी डीलर कलम सिंह की तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर भाग गए। आसपास के लोगों ने कलम सिंह को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावरों की तलाश में जुटी है। देर रात तक इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब साढ़े 6 बजे सेक्टर 9-11 मोड़ के पास कुछ युवक मनीरतन रियल एस्टेट के सामने रोहित नाम के युवक के साथ झगड़ा कर रहे थे। वहीं टहल रहे कलम सिंह (60) बीच-बचाव करने पहुंचे तो एक युवक ने उनके सीने और गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने रोहित पर भी हथियार से वार करने की कोशिश की, लेकिन वह भागकर नजदीक के होटल में घुस गया। इसके बाद हमलावर अपने साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल कलम सिंह को जिंदल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारी विजयपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कलम सिंह की हमलावरों के साथ किसी प्रकार की जान-पहचान या रंजिश नहीं थी।
बाइक सवार तीन युवक एक लड़के का कर रहे थे पीछा
प्रत्यक्षदर्शी अमन ने बताया कि बाइक पर आए तीन युवक दूसरे दुपहिया पर सवार एक युवक का पीछा कर रहे थे। सेक्टर 9-11 मोड़ पर पहुंचने पर उनकी बाइक रोहित की बाइक से टकरा गई। इस पर वे रोहित से झगड़ा करने लगे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित अमन प्रॉपर्टीज के मालिक कलम सिंह ने यह देखा तो बीच-बचाव करने पहुंच गए। इस दौरान तैश में आए एक युवक ने रोहित को छोड़कर उन पर हमला कर दिया।
बीएसएफ से सेवानिवृत्त थे कलम सिंह
कलम सिंह मूल रूप से गांव लाडवा के रहने वाले थे। वे परिवार सहित दयानंद कॉलोनी की गली नंबर 5 में रहते थे। बीएसएफ में उपनिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने प्रॉपर्टी डीलर का काम शुरू किया था। उनके दो बच्चे हैं। बेटी शादीशुदा है, जबकि बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है।
शहर में हत्या के चर्चित मामले
17 फरवरी 2026: मधुबन पार्क के सामने बने रैन बसेरे में जींद के सुरबरा निवासी बलकार सिंह की हत्या।
4 अक्टूबर 2025: पुरानी सब्जी मंडी पुल की सर्विस रोड पर स्थित दुकान में घुसकर युवक को चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।
7 नवंबर 2025: श्यामलाल ढाणी में उपनिरीक्षक की ईंट-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
वारदात के बाद मौके पर जांच करती पुलिस।