हिसार। जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ाने और साथ-सुथरा माहौल देने के लिए सौंदर्यीकरण के पहले चरण का कार्य लगभग पूरा होने को है। इसके पूरा होने के साथ ही अस्पताल परिसर की सूरत बदल जाएगी। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि सिर्फ सौंदर्यीकरण ही नहीं परिसर में सड़कों को भी दुरुस्त किया जाएगा ताकि जलभराव से बचा जा सके और रोगी वाहनों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
अस्पताल परिसर में सौंदर्यीकरण और मरीजों को आधारभूत सुविधाएं देने के करीब 7.5 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में बीएंडआर विभाग ने शेष कार्यों को पूरा कराने के लिए 1.16 करोड़ रुपये का नया टेंडर जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस साल के आखिर तक मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। आंतरिक सड़कों का निर्माण भी किया जा रहा है, ताकि एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके। अस्पताल परिसर, मुख्य गेट और साइन बोर्ड का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। परिसर में हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी।
सीवर लाइन को भी किया जा रहा दुरुस्त
अस्पताल परिसर में सीवर लाइन को भी दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि जल निकासी समस्या का स्थायी समाधान हो सके। अस्पताल भवन के अंदर पुरानी और टूटी हुईं टाइल्स को बदला जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए सीनियर सिटीजन कॉर्नर बनाया जा रहा है। लैब निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है, जिसके अगले महीने तक पूरा होने की संभावना है। नए टेंडर में बाथरूम का नवीनीकरण, दीवारों की टाइल्स बदलना जैसे कार्य शामिल हैं। इनके पूरा होने से अस्पताल का आंतरिक ढांचा अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक बनेगा। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन गौरव जैन ने बताया कि फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है और एजेंसियों को आमंत्रित किया गया है। एजेंसियों के चयन के बाद कार्यादेश जारी किए जाएंगे और निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना आते हैं 1800–2000 मरीज
जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना 1800 से 2000 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि सौंदर्यीकरण और विकास कार्य पूरा होने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी बेहतरीन सुधार होगा। अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन की कोशिश है कि सरकारी अस्पताल भी निजी अस्पतालों की तर्ज पर सुविधायुक्त और व्यवस्थित नजर आए।