हिसार। आजाद नगर में एक प्रॉपर्टी डीलर ने शनिवार रात अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रविवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार राजगढ़ में तीन बीघा जमीन के विवाद के चलते वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
आजाद नगर थाना के जांच अधिकारी नवीन मलिक ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर के बेटे के बयान पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। आजाद नगर निवासी रवि के अनुसार उसके पिता सतबीर पूनिया पहले सेना में थे। करीब दो-तीन साल बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी और प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य शुरू कर दिया। कुछ समय पहले राजस्थान के राजगढ़ में एक व्यक्ति से तीन बीघा जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर प्लॉट भी काट दिए गए थे लेकिन विक्रेता ने उन पर कब्जा कर लिया। इस संबंध में कई बार बातचीत की गई लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
कमरे में जाकर खुद को मारी गोली
बेटे रवि ने बताया कि शनिवार रात उसके पिता घर पर ही थे। अचानक वह उठकर दूसरे कमरे में चले गए और वहां जाकर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर वह तुरंत कमरे में पहुंचे जहां देखा कि उनके पिता खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।