हिसार। गंगवा बाईपास पुल के पास दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में 52 वर्षीय बाइक सवार प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने दूसरे बाइक सवार पर गलत दिशा व लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर आजाद नगर थाना पुलिस ने कैमरी रोड निवासी अंकुर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में ढाणी गंगवा निवासी पवन कुमार ने बताया कि उसके पिता जगदीश खेती के साथ प्रॉपर्टी डीलर का भी काम करते थे। उन्होंने आजाद नगर में अपना कार्यालय भी खोल रखा है। 19 अप्रैल की शाम करीब पांच बजे पिता कार्यालय से अपनी बाइक पर सवार होकर ढाणी आ रहे थे। उनके पीछे-पीछे वह भी अपनी बाइक पर आ रहा था। जब वह गंगवा बाईपास पुल के पास पहुंचे तो सामने गलत दिशा से आए एक बाइक सवार अपनी बाइक से पिता की बाइक में टक्कर मार दी। इससे उसके पिता सड़क पर गिर गए और उन्हें काफी चोटें आईं। परिजन उन्हें निजी अस्पताल में लेकर आए, जहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पवन ने बताया कि दूसरी बाइक के चालक कैमरी रोड निवासी अंकुर ने लापरवाही व तेज गति से बाइक चलाते हुए यह हादसा किया है। जांच अधिकारी एएसआई नेत्रपाल ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर एक नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।