प्रॉपर्टी बाजार में मंदी के बाद प्रॉपर्टी डीलर्स की मांग पर प्रदेश सरकार ने 10 से 20 प्रतिशत तक सर्कल रेट घटा दिए हैं। सोमवार 16 मई से नए सर्कल रेट लागू होंगे। सिटी एरिया की 226 कॉलोनियों में नए सर्कल रेट लागू किए जाएंगे। हरियाणा में पहली बार सर्कल रेट घटाए गए हैं। पिछले करीब तीन साल से प्रॉपर्टी बाजार में लगातार मंदी चल रही है। इसके बावजूद पिछले दो साल से सरकार की ओर से सर्कल रेट बढ़ाए जा रहे थे।
अमर उजाला ने लगातार उठाया मुद्दा
अमर उजाला ने 30 अगस्त 2015 को प्रॉपर्टी बाजार में मंदी के चलते सरकार के घटते राजस्व पर समाचार प्रकाशित किया। इसके बाद सितंबर महीने में हुडा सेक्टर्स में खुली बोली में प्लॉट न बिकने का समाचार छापा। नवंबर महीने में सेक्टर्स में सर्कल से कम रेट में प्लॉट मिलने का समाचार प्रकाशित किया। जिसके बाद नवंबर महीने में प्रॉपर्टी डीलर्स एसोसिएशन ने सरकार से रेट घटाने की मांग को लेकर मांग पत्र सौंपा। तत्कालीन डीसी ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए नए सत्र से ही रेट घटाने की बात कही। इसके बाद प्रॉपर्टी डीलर्स एसोसिएशन ने मार्च महीने में फिर से डीसी को मांग पत्र सौंपा।
हर तहसील का कराया सर्वे
प्रॉपर्टी डीलर के लगातार दबाव के बाद डीसी ने हर एक तहसील स्तर पर सर्वे कराया, जिसमें वास्तव में सर्कल रेट ज्यादा होने की बात सामने आई तो डीसी ने सर्कल रेट घटाने का प्रस्ताव तैयार कराया। सर्कल रेट कम करने के प्रस्ताव को मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में चंडीगढ़ मुख्यालय भेजा गया। इसके बाद सरकार की ओर से डेढ़ महीने तक कोई फैसला नहीं लिया गया। शुक्रवार को प्रदेश सरकार की ओर से प्रशासन की ओर से प्रस्तावित सर्कल रेट मंजूर कर लिए गए, जिसमें 10 से 20 प्रतिशत रेट कम करने का प्रस्ताव था। हर साल एक अप्रैल से नए सर्कल रेट लागू होते थे। इस बार मुख्यालय की ओर से फैसला लिया गया। इस कारण नए सर्कल रेट लागू होने में 45 दिन की देरी हुई है।
चार कॉलोनियों में रेट बढ़ाए
शक्ति नगर में 10500 से बढ़ाकर रेट 12000 रुपये गज किए गए हैं। शास्त्री नगर 7 हजार रुपये गज से बढ़ाकर 10500 रुपये कर दिए गए हैं। योग नगर तथा यादव कॉलोनी में सर्कल रेट में बढ़ोतरी की गई है। इन दोनों कॉलोनियों में सर्कल रेट 8 से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रति गज किए गए हैं। बालसमंद रोड स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में सर्कल रेट 10500 से बढ़ाकर 11000 रुपये प्रति गज कर दिए गए हैं।
सस्ता प्लॉट कृष्ण नगर में
शहर की सबसे सस्ती कॉलोनी कृष्ण नगर है। यहां सर्कल रेट 5500 रुपये से कम कर 5000 रुपये प्रति गज रह गए हैं। निगम एरिया में इससे सस्ता रेट कहीं नहीं है। फ्रेंडस एंक्लेव, देवनगर में भी यही रेट हैं।
शहर में सबसे महंगा ग्रीन पार्क एरिया
हिसार शहर में सबसे महंगा रिहायशी एरिया ग्रीन पार्क है। यहां रिहायशी प्लॉट के रेट 37 हजार रुपये प्रति गज थे। अब यहां सर्कल रेट 34 हजार कर दिए गए हैं। यहां कॉमर्शियल प्लॉट के रेट 72 हजार रुपये गज थे जो अब घटकर 65 हजार रुपये कर दिए गए हैं।
कॉलोनी अब तक के रिहायशी प्लाट रेट घटने के बाद रेट
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी विद्युत नगर 19 हजार रुपये 18 हजार रुपये
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सिरसा रोड 19 हजार रुपये 18 हजार रुपये
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर 15ए 19 हजार रुपये 18 हजार रुपये
अर्बन इस्टेट दो 23000 रुपये 21000 रुपये
सेक्टर 14 पी 25500 रुपये 20000 रुपये
सेक्टर 13 पार्ट टू 21000 रुपये 18000 रुपये
सेक्टर 1-4 15000 रुपये 12000 रुपये
सेक्टर 15 21000 रुपये 19000 रुपये
सेक्टर 16-17 18500 रुपये 18000 रुपये
सेक्टर 9-11 18500 रुपये 16000 रुपये
सेक्टर 3 व 5 14000 रुपये 11000 रुपये
लाजपत नगर 18500 रुपये 16500 रुपये
एमसी कॉलोनी 25000 रुपये 22500 रुपये
नागोरी गेट जैन कॉलोनी 25500 रुपये 23000 रुपये
शांति नगर 9200 रुपये 8500 रुपये
सेंट मैरी स्कूल से सब्जी मंडी 1600 रुपये 14000 रुपये
शिव कॉलोनी 8000 रुपये 7500 रुपये
शिव कॉलोनी एक्स. 1, 2, 3 7000 रुपये 6500 रुपये
शर्मा गली 11500 रुपये 10000 रुपये
श्मशान घाट एरिया 10500 रुपये 9500 रुपये
शांति नगर 9200 रुपये 8500 रुपये
किसानों को कम मुआवजा मिलेगा
रिहायशी एरिया के अलावा खेती की जमीन के सर्कल रेट भी घटाए गए हैं। मय्यड़ से बालसमंद ब्रांच तक नेशनल हाईवे दस पर प्रति एकड़ 1.40 करोड़ के रेट अब 15 लाख कम हो गए। बालसमंद ब्रांच से काजला गांव मोड़ तक 1.10 करोड़ के सर्कल रेट को 10 लाख रुपये कम किया गया है। डाबड़ा रोड पर 1.15 से 1.30 करोड़ के सर्कल रेट 10 से 15 लाख कम किए गए हैं। इन एरिया में जमीन का अधिग्रहण हुआ तो किसानों को नए रेट से मुआवजा मिलेगा। जो दस से 15 लाख कम हो गए।
कॉमर्शियल प्लॉट के सर्कल रेट भी घटे
सेक्टर 13, सेक्टर 13 पी, सेक्टर 15, सेक्टर 14 पी, सेक्टर 16-17, सेक्टर 9-11, सेक्टर 5, सेक्टर 3 में कॉमर्शियल रेट 80 हजार रुपये गज से कम कर 72 हजार रुपये गज कर दिए गए हैं। सेवक सभा अस्पताल के पास कॉमर्शियल प्लॉट के रेट 55 हजार से कम कर 50 हजार कर दिए।
प्रदेश सरकार की ओर से नए सर्कल रेट को मंजूरी मिल गई है। इसमें औसतन दस से बीस प्रतिशत तक रेट घटाए गए हैं। नए सर्कल रेट की लिस्ट सभी तहसील को भेजी जा रही है। 16 मई से इसे लागू कर दिया जाएगा।
- ब्रह्मप्रकाश अहलावत, जिला राजस्व अधिकारी, हिसार