हिसार के सेक्टर-33 में समस्याओं का जायजा लेने पहुंचीं एचएसवीपी की संपदा अधिकारी आंचल भास्कर।
हिसार। सेक्टर-33 वासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक सावित्री जिंदल को ज्ञापन सौंपकर सेक्टर की समस्याओं के समाधान की मांग की। इस आधार पर विभागीय अधिकारियों ने मौका मुआयना किया।
सेक्टर के आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान राजपाल नैन ने बताया कि सेक्टरवासियों की बात सुनकर विधायक सावित्री जिंदल ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की संपदा अधिकारी आंचल भास्कर से सेक्टर का दौरा कर सभी समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही सेक्टर का दौरा करेंगी। उससे पहले समस्याओं का समाधान हो जाना चाहिए।
इसलिए संपदा अधिकारी ने कहा कि सेक्टर के खाली प्लॉट में भरे पानी को निकालने के लिए जेटिंग मशीन उपलब्ध करवाई जाएगी। ठेकेदार को निर्देश देकर सीवरेज और ड्रेन वाटर पाइप की मरम्मत के लिए श्रमिकों की संख्या छह से बढ़ाकर 20 की जाएगी। संपदा अधिकारी के अधिकारियों ने 10 दिनों में जलभराव और सीवरेज समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में वार्ड एक के पार्षद टीनू जैन, वरुण बंसल, सूबेदार मनोज कुंडू, विनोद गोयल, डाॅ. देसराज, जगदीश गोदारा, सुभाष जागलान आदि शामिल रहे।